शहनाज गिल शोबिज की दुनिया में लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं। सलमान खान के हिट शो ‘बिग बॉस 13’ में आने के बाद एक्ट्रेस ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। शहनाज सोशल मीडिया पर कई ब्रांड का प्रमोशन करती नजर आती हैं। अब उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

शहनाज गिल का यह वीडियो मुंबई एयरपोर्ट का है। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक्ट्रेस अपने एक प्रशंसक के कारण थोड़ी अनकंफर्टेबल हो गईं।

दरअसल, एक्ट्रेस बेंगलुरु में हुए एक इवेंट से लौट रही थीं, तभी उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। एक्ट्रेस ने हॉट पिंक स्वेट शर्ट और ब्लू लूज फिट डेनिम पहनी थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि शहनाज चेहरे पर काले रंग का मास्क लगा रही होती हैं तभी उनका एक प्रशंसक फोटो खिंचाने के लिए उनके कंधे पर हाथ रखने वाला होता है। लेकिन शहनाज पीछे हट जाती हैं और फैन भी सॉरी फील करता है।

आपको बता दें कि शहनाज जल्द ही अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में नजर आने वाली हैं। वह सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं।

मूल रूप से पंजाब की रहने वालीं शहनाज गिल ने साल 2015 में अपने करियर की शुरुआत ‘शिव की किताब’ म्यूजिक एल्बम से की थी। फिर साल 2017 में ‘काला शाह काला’ और 2019 में ‘डाका’ में काम किया था। शहनाज अच्छी सिंगर भी हैं और उन्होंने कई गाने भी गाए हैं।

शहनाज बिग बॉस के 13वें सीजन में दिखी थीं, जहां उनकी दोस्ती शो के विनर सिद्धार्थ शुक्ला से हुई। लेकिन 2021 में सिद्धार्थ की मौत ने शहनाज को तोड़कर रख दिया था।

शहनाज के साथ-साथ उनके भाई और पिता भी काफी मशहूर हो चुके हैं। हाल ही में खबर आई है कि शहनाज के पिता संतोख सिंह उर्फ सुख को दो अज्ञात व्यक्तियों ने जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज हो चुकी है।