फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर सुर्खियों में रहने वाले फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। साल 2020 में आई देशव्यापी महामारी कोरोना वायरस को लेकर विवेक अग्निहोत्री फिल्म बना रहे हैं। जिसका नाम ‘द वैक्सीन वॉर’ (The Vaccine War) है। इस फिल्म की घोषणा विवेक अग्निहोत्री ने कुछ महीनों पहले कर दी थी। अब उन्होंने ट्विटर पर फिल्म के सेट से एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें कई लोग पीपीई किट पहने नजर आ रहे हैं। वीडियो पर यूजर्स कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ ने वीडियो पर मजेदार कमेंट्स भी किए हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रिया
अमित नाम के यूजर ने अग्निहोत्री के ट्वीट पर कमेंट करते हुए पूछा,”सर बाबा रामदेव और हर्ष वर्धन का किरदार कौन कर रहा है?” वहीं कई यूजर्स ने नफरत भरे कमेंट भी किए। इंडियन नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,”उन लाशों का क्या, जो गंगा में तैर रही थीं?”
आवाज नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,”बिल्कुल ऐसा ही पीपीई किट ड्रामा उन्होंने 2020 में भी किया था, लोगों को डराने और फालतू की वैक्सीन के लिए। जिससे लोगों को साइड इफेक्ट हुए।” शेख नाम के यूजर ने लिखा,”बहुत जल्द तुम्हें भी वैक्सीन लगेगी फ्लॉप की, थोड़ी तकलीफ होगी।”
आपको बता दें कि विवेक अग्निहोत्री ने नवंबर 2022 में इस फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था,”घोषणा:पेश है ‘द वैक्सीन वॉर’ – एक ऐसे युद्ध की अविश्वसनीय सच्ची कहानी जिसे आप नहीं जानते थे कि भारत लड़े हैं। और अपने विज्ञान, साहस और महान भारतीय मूल्यों से जीता। ये स्वतंत्रता दिवस, 2023 पर रिलीज होगी। 11 भाषाओं में।” फिल्म के ऐलान के बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया था।
अनुपम खेर भी होंगे इस फिल्म का हिस्सा
आपको बता दें कि फिल्म की कास्ट में अनुपम खेर का नाम भी शामिल है। 2 जनवरी को खेर ने अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। जिसमें कैप्शन में उन्होंने लिखा था,” मेरी 534वीं फिल्म की घोषणा! #TheVaccineWar, विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित। आकर्षक और प्रेरणादायक! जय हिन्द!”
याद दिला दें कि विवेक अग्निहोत्री की बहुचर्चित फिल्म ‘The Kashmir Files’ में अनुपम खेर अहम भूमिका में नजर आए थे। उन्हें दर्शकों ने उनके किरदार के लिए काफी पसंद किया था।
