फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री सिनेमा जगत का एक जाना माना नाम हैं। वह समाज के लिए रियलिटी बेस्ड फिल्में बनाते हैं। वह साल 2022 में अपनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के बाद से ज्यादा चर्चा में आए। इसके बाद उन्होंने कोरोना महामारी के वक्त आई वैक्सीन की सच्ची कहानी पर आधारित फिल्म बनाई, जिसका टाइटल है ‘द वैक्सीन वॉर’। अब ये फिल्म देश के संसद में दिखाई जाएगी।

विवेक अग्निहोत्री ने इस खबर को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए खुशी जाहिर की। खबर का वीडियो क्लिप शेयर करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,””वाह! सुबह-सुबह यह तो बड़ी अच्छी खबर है। मैं सभी वैज्ञानिकों के लिए बहुत खुश हूं।”

‘द वैक्सीन वॉर’ ने हर किसी के दिमाग पर एक बड़ा प्रभाव छोड़ा है और फिल्ममेकर ने अपनी जबरदस्त स्टोरीटेलिंग और उल्लेखनीय निर्देशन से फिल्म के साथ कुछ साहसिक सच्चाइयों को उजागर किया है। इस फिल्म ने अपने थिएट्रिकल रन और डिजिटल रिलीज के दौरान धूम मचा दी थी। अब इस फिल्म को देश की संसद के सदस्यों के लिए शोकेस किया जाने वाला है।

विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्मों से समाज पर गहरी छाप छोड़ने की कोशिश करते हैं। इसके लिए उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक भी माना जाता है। हाल ही में विवेक अग्निहोत्री को महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित भी किया गया।

उनके वर्कफ्रंट की बात करें तो विवेक रंजन अग्निहोत्री ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान अपनी अगली फिल्म का ऐलान किया है। ये महाभारत की कहानी पर आधारित फिल्म होगी, जिसका टाइटल ‘पर्व’ है। फिल्म मशहूर लेखक एस.एल. भैरप्पा द्वारा लिखे गए आइकोनिक उपन्यास ‘पर्व’ पर आधारित है। यह फिल्म तीन-भाग वाली ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी बनने के लिए तैयार है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अपनी जगह पक्की कर लेगी। इसके साथ ही विवेक ‘द दिल्ली फाइल्स’ पर भी काम कर रहे हैं।