‘द कश्मीरी फाइल्स’ डायरेक्ट विवेक अग्निहोत्री अपनी फिल्मों के अलावा अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। फिल्ममेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। वह पॉलिटिक्स से लेकर बॉलीवुड तक के लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। विवेक रंजन अग्निहोत्री सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं।
वह बॉलीवुड के स्टार्स पर कई बार बेबाक टिप्पणी करते नजर आते हैं। इसी क्रम में फिल्ममेकर ने बॉलीवुड पर तंज कसा है। इसी के साथ उन्होंने एक्टर्स की फीस को लेकर भी निशाना साधा है। दरअसल साल 2022 बॉलीवुड फिल्मों के लिए कुछ खास नहीं रहा।
एक के बाद एक कई बड़ी फिल्में फ्लॉप हुई, लेकिन साल 2023 में शाहरुख खान की फिल्म पठान की सफलता के बाद पूरी इंडस्ट्री में एक उम्मीद जागी थी कि अब बॉक्स ऑफिस पर रौनक बरकरार रहेगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कई बड़े एक्टर्स और फिल्ममेकर्स की फिल्में दर्शकों के लिए तरसती दिखीं। इसी को लेकर विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि बॉलीवुड फिर से खराब दौर में लौट रहा है।
विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट कर क्या कहा
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ट्विटर पर एक आर्टिक शेयर किया है, जिसमें इस साल फ्लॉप हुई फिल्मों का जिक्र किया गया है। फिल्ममेकर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘बॉलीवुड का बुरा दौर फिर से शुरू होने वाला है। ऐसा लगता है कि जैसे पूरी इंडस्ट्री उन सेलेब्स को इतनी ज्यादा फीस देकर खुश है जो एक ओपनिंग की गारंटी नहीं दे सकते। स्टार्स के वैनिटी और लाइफस्टाइल में ज्यादातर पैसा बर्वाद होता है। आखिर क्या गलत हो रहा है।’
आर्टिकल में इस साल की फ्लॉप का जिक्र
बता दें कि विवेक अग्निहोत्री द्वारा शेयर किए गए आर्टिकल में पठान की तारीफ की गई है। इस आर्टिकल में लिखा है कि कार्तिक आर्यन की शाहजादा, रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की तू झूठी में मक्कार, अक्षय कुमार और इमरान हासमी की सेल्फी जैसी बड़ी फिल्मों ने उम्मीद से कम प्रदर्शन किया।
इनमें से कोई भी फिल्म ‘पठान’ के बराबर भी नहीं पहुंच पाईं। वहीं अजय देवगन की भोला बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन कर रही है। गौरतलब है कि विवेक अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 252.90 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था।