सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर चर्चा में हैं। पहले ‘शक्तिमान’ एक्टर मुकेश खन्ना ने उन्हें लेकर कहा था कि सोनाक्षी KBC में रामायण से जुड़ा जवाब नहीं दे पाई थीं, इसमें उनकी नहीं उनके पिता शत्रुघन सिन्हा की गलती है, जिन्होंने अपने बच्चों को इतना मॉडर्न बनने दिया। इसके बाद कुमार विश्वास ने कुछ ऐसा कहा जिसे सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने ट्विटर पर सोनाक्षी और जहीर की कुछ रोमांटिक तस्वीर शेयर करते हुए उनके बारे में बुरा बोलने वालों को जॉम्बी बताया है।

विनोद कापड़ी ने सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की वेकेशन की तस्वीर शेयर की और इसके साथ कैप्शन में लिखा, “आप दोनों को अधिक से अधिक शक्ति और प्यार। सोनाक्षी सिन्हा इन जॉम्बी के साथ बहस में मत पड़ो, ये ऐसा ही चाहते हैं।” इसके साथ ही कापड़ी ने दिल भी बनाया है। इस पोस्ट पर लोगों के कमेंट्स की बारिश हो गई है।

दरअसल तमाम ट्रोलिंग के बीच सोनाक्षी ने हाल ही में एक वैकेशन की रोमांटिक तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें दोनों का प्यार साफ नजर आ रहा था। उन्हीं तस्वीरों को कापड़ी ने शेयर किया और लिखा, “सोनाक्षी जी का खामोशी के साथ किया गया एक पोस्ट हजारो अंधभक्तों का धुआं निकालने के लिए काफी है।” एक यूजर ने लिखा, “बिल्कुल सही बात, कुछ लोगों का आदत होता है दूसरे को अपमान करना या कुछ व्यक्तिगत टिप्पणी से खुद को बड़ा दिखाना। दरअसल ये लोग निराशावादी होते जिन्हें दूसरों के सुख देखा नहीं जाता। ऐसे लोगों को अनदेखा करके अपनी जिंदगी को अपने स्टाइल में जीना ही सबसे बड़ा जवाब होता है।”

क्या है मामला?

कुमार विश्वास ने हाल ही में मेरठ महोत्सव में कुछ ऐसा कहा था, जिसका वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा था, “अपने बच्चों को नाम याद करवाइए सीता जी की बहनों का। भगवान राम के भाइयों के। एक संकेत दे रहा हूं, जो समझ जाएं उनकी तालियां उठे। अपने बच्चों को रामायण सुनवाइए-गीता पढ़वाइए। अन्यथा ऐसा ना हो कि आपके घर का नाम तो ‘रामायण’ हो लेकिन आपके घर की ‘श्रीलक्ष्मी’ को कोई ओर उठाकर ले जाये।”

बता दें कि सोनाक्षी सिन्हा के पिता एक्टर शत्रुघन सिन्हा हैं और उनके भाईयों का नाम राम, लक्ष्मण और भरत है। वहीं उन्होंने अपने बेटों का नाम लव और कुश रखा है और जिस घर में वो रहते हैं उसका नाम भी रामायण है। ऐसे में कुमार विश्वास के बयान को लोग सोनाक्षी सिन्हा से जोड़ने लगे, जिसके बाद कुमार ने सफाई भी दी। इससे जुड़ी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…