मशहूर अभिनेता और लेखक शिव कुमार सुब्रमण्य का निधन हो गया है। अभिनेत्री आयशा रजा मिश्रा ने अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट के जरिये यह जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, ‘रेस्ट इन पीस शिव…और क्या कहें…आपको तकलीफ से निजात और सुकून मिले।’ आपको बता दें कि शिव कुमार सुब्रमण्य के इकलौते बेटे का 2 महीने पहले ही ब्रेन ट्यूमर की वजह से निधन हो गया था।

एक्टर के निधन की खबर के बाद से फिल्म जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया के जरिए कई कलाकार दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। फिल्ममेकर बीना सरवर ने एक्टर के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा ‘बहुत ही दुखद खबर। बेटे जहान की मौत के ठीक दो महीने बाद ही उनका निधन हो गया। उनके बेटे जहान को ब्रेन ट्यूमर था और 16वें बर्थडे से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।’

गौरतलब है कि सुब्रमण्य का अंतिम संस्कार सोमवार (11 अप्रैल) को ही मुंबई के मोक्षधाम हिंदू श्मशानभूमि में होगा। हालांकि अभी शिव कुमार की मौत का कारण पता नहीं चल पाया है।

2021 में की थी आखिरी फिल्म: दिवंगत एक्टर शिव कुमार सुब्रमण्यम आखिरी बार साल 2021 में आई फिल्म ‘मीनाक्षी सुंदरेश्वर’ में नजर आए थे। इस फिल्म में वो सान्या मल्होत्रा के दादा बने थे। एक्टर ने कई फिल्में की, लेकिन उन्हें विधू विनोद चोपड़ा की फिल्म परिंदा के लिए जाना जाता है। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड भी मिला था। इसके साथ ही उन्हें सुधीर मिश्रा की फिल्म ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ का स्क्रीनप्ले लिखा था।

‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ उनकी बेस्ट फिल्मों में से एक मानी जाती है। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ कहानी के फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

शिव कुमार ने फिल्म कमीने, द्रोहकाल, 2 स्टेट्स, हिचकी, तू है मेरा संडे में भी काम किया है। इसके अलावा उन्होंने टीवी सीरियल्स में भी काम किया है।