फिल्म जगत में राज कपूर का नाम आज भी उतना ही मशहूर है, जितना उनके दशक में हुआ करता था। वैसे ही एक नाम मनोज कुमार भी है, जिनके फैंस की लिस्ट अब भी काफी लंबी है। दोनों ही बेहतरीन एक्टर होने के साथ-साथ नामी डायरेक्टर भी हुआ करते थे। मनोज कुमार लेजेंड राज कपूर के बहुत अजीज थे। लेकिन कुछ किस्से ऐसे भी हैं, जिनसे पता चलता है कि उनके बीच एक बार नहीं, बल्कि कई बार गलतफहमी पैदा हुई। आज हम आपको ऐसे ही कुछ किस्सों से रूबरू कराने जा रहे हैं।
मनोज कुमार करने लगे थे राज कपूर को नजरअंदाज: मनोज कुमार ने राज कपूर की सबसे खास फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में काम किया था। जिसके बाद से दोनों के बीच मधुर संबंध हो गए थे। एक बार कपूर साहब ने मनोज कुमार के घर पर फोन किया था। किसी ने फोन उठाकर रॉन्ग नंबर कह कर फोन काट दिया था। जिसपर राज कपूर को लगा था कि मनोज ने जानकर उन्हें इग्नोर किया। उन्हें ये बात काफी बुरी लगी। जबकि सच तो ये था कि मनोज उस वक्त शहर से बाहर शूटिंग में व्यस्त थे। हालांकि कुछ समय बाद ये गलतफहमी दूर हो गई थी।
राज कपूर ने मनोज कुमार को दी थी कठोर सलाह: मनोज कुमार ने साल 1967 में पहली बार बतौर डायरेक्टर काम शुरू किया। उन्होंने फिल्म ‘उपकार’ का ऐलान किया। ये बात जानकर राज कपूर ने मनोज कुमार को सलाह दे डाली थी। उन्होंने मनोज कुमार से कहा, ‘या तो फिल्म में एक्टिंग कर लो या फिर इसे डायरेक्ट कर लो, क्योंकि हर कोई राज कपूर नहीं होता जो दोनों काम सक्सेसफुली कर ले।’
इस फिल्म के डायरेक्टर होने के साथ-साथ मनोज कुमार ने मुख्य किरदार भी निभाया था। फिल्म बड़ी हिट रही और इसके बाद मनोज ने कई फिल्में डायरेक्ट कीं। जिनमें ‘पूरब और पश्चिम’,‘क्रांति’,‘रोटी कपड़ा और मकान’ और ‘शोर’ शामिल हैं।
शर्मिंदा हो गए थे शोमैन: मनोज कुमार जब डायरेक्शन के साथ-साथ एक्टिंग करने में सफल रहे तो राज कुमार को अपनी कही बात पर अफसोस हुआ। उन्होंने मनोज कुमार से कहा, ”उन्हें लगता था कि केवल वो ही खुद के कॉम्पटीशन हैं, लेकिन उन्हें अब पता चला कि उनसे मुकाबला करने के लिए कोई और भी आ गया है।
बता दें कि राज कपूर और मनोज कुमार फिल्म ‘श्री 420’ के समय से ही एक दूसरे के फैन हो गए थे। इस फिल्म में छोटी उम्र के मनोज ने काम किया था। फिल्म को देखने राज साहब दिल्ली के एक थिएटर में गए थे। शो के दौरान कुछ गुंडों ने वहां दंगा कर दिया। जिसे देख राज कपूर खुद स्टेज पर पहुंच गए। उनकी ये बात मनोज कुमार को भा गई और तब से वो उनके फैन हो गए।उनकी दिलदारी देखकर मनोज ने उन्हें ‘कर्मयोगी’ का नाम दे दिया था।