बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जुग जुग जियो’ के प्रमोशन में बिजी हैं। फिल्म ‘जुग जुग जियो’आगामी 24 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में कियारा आडवाणी और वरुण धवन के अलावा अनिल कपूर और नीतू सिंह भी नजर आने वाली हैं। इन दिनों फिल्म की पूरी टीम प्रमोशन में जुटी हुई है।
हाल ही में कियारा और वरुण को मुंबई मेट्रो में सफर करते हुए बड़ा पाव खाते देखा गया था। अब एक बार फिर कियारा और वरुण धवन अपनी लग्जरी कारों की सवारी छोड़ बाइक पर पुणे घूमने निकले हैं।
दरअसल शनिवार सुबह वरुण धवन और कियारा बाइक से पुणे की एक फेमस बेकरी पहुंचे। अपने पसंदीदा सितारों को सड़कों पर देखकर लोगों का हुजूम लगना लाजिमी ही था। उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वरुण धवन और कियारा आडवाणी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पैपराजी विरल भयानी द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर है। इस वीडियो पर लगभग 6 लाख के करीब लाइक्स आ चुके हैं। लोगों को स्टार्स का फिल्म प्रोमोट करने का यह अंदाज बेहद पसंद आ रहा है।
स्टार्स का यह वीडियो कई लोगों को काफी पसंद आ रहा तो वहीं बहुत से लोग सेलेब्स को ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल वीडियो में जहां वरुण, कियारा के साथ बाइक पर नजर आ रहे हैं, तो वहीं उनके बॉडीगार्ड गर्मी में सड़कों पर बाइक के साथ दौड़ते दिख रहे हैं। यह नजारा देखते हुए अभी शर्मा नाम के यूजर लिखते हैं, ‘बॉडीगार्ड को भी बाइक दे देते वो भी इंसान हैं।’ ध्रुव लिखते हैं, ‘बॉडीगार्ड से फुल पैंसे वसूल रहे हैं।’ एक यूजर लिखते हैं ‘कहां से भगा कर ला रहे हो सर अपने बॉडीगार्ड को थोड़ी तो इंसानियत दिखाओ।’ एक यूजर लिखते हैं ‘सिक्योरिटी को स्कूटर ही दे देते’।
बता दें करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म जुग जुग जियो कई कारणों से विवादों में रह चुकी है। बीते दिनों एक राइटर ने करण जौहर पर इस फिल्म की स्क्रिप्ट चुराने का आरोप लगाया था। इसके बाद एक पाकिस्तानी सिंगर ने भी उन पर गाना चुराने का भी आरोप लगाया।