टीवी एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा (Tunisha sharma) का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। तुनिषा शर्मा की मौत से पूरी इंडस्ट्री सदमे में हैं। उनके परिवार, दोस्तों से लेकर पूरी टीवी इंडस्ट्री अभिनेत्री की मौत से टूटे हुए हैं। पुलिस इस केस की हर एंगल से जांच कर रही है और वहीं इसमें अलग-अलग मामले निकलकर सामने आ रहे हैं। वह अपने को-स्टार शीजान खान के प्यार में थीं। तुनिशा (Tunisha Sharma case) की मौत से महज दो सप्ताह पहले दोनों का ब्रेकअप हुआ था।

शीजान से जुदाई का सदमा तुनिशा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और सेट पर ही मौत को गले लगा लिया। ये ऐसा पहला केस नहीं है जिसमें ब्रेकअप के बाद किसी अभिनेत्री ने खुदकुशी की है। इसी साल अभिनेत्री वैशाली ठक्कर, बांग्ला अभिनेत्री पल्लवी डे ने भी आत्महत्या की थी। इन तीनों ही मामलों में खुदकुशी करने का कारण कथित तौर पर प्रेम संबंध ही बताया गया है। आज हम आपको ऐसे सेलेब्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी मौत के बाद उनके रिश्ते सुर्खियों में आए हैं।

सुशांत सिंह राजपूत

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के चहेते सितारे सुशांत सिंह राजपूत का पार्थिव शरीर 14 जून 2020 को उनके घर में पंखे से लटका मिला था। कहा गया कि वे मानसिक रूप से परेशान थे और डिप्रेशन में थे। राजपूत परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और पांच और लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोमिक को गिरफ्तार किया गया था।

जिया खान

जिया खान को मुंबई में उनके जुहू स्थित घर में सीलिंग से लटका पाया गया था। यह 3 जून 2013 की घटना है। उनकी मां राबिया खान ने एक्टर आदित्य पंचोली के बेटे और एक्टर सूरज पंचोली पर अपनी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। उस समय उनके रिश्ते को लेकर कई अफवाहें फैली हुई थीं। जिया ने अपनी डायरी में सूरज पंचोली के साथ अपने खराब रिश्ते के बारे में भी लिखा था। इसके बाद सूरज पंचोली को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि बाद में पुलिस और सीबीआई ने अदालत को बताया कि एक्ट्रेस ने आत्महत्या की है। तीन महीने पहले, बॉम्बे हाई कोर्ट ने सूरज पंचोली के खिलाफ जांच फिर से शुरू करने की उनकी मां की याचिका खारिज कर दी थी।

प्रत्युषा बनर्जी

बालिका वधु फेम प्रत्युषा बनर्जी ने 1 अप्रैल 2016 को आत्महत्या कर ली थी। उस वक्त प्रत्युषा बनर्जी का इस तरह से मौत को गले लगाना काफी हैरान करने वाला था। प्रत्युषा की सुसाइड का मामला काफी चर्चा का विषय बना था। उनकी मौत के बाद, बनर्जी के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उनके बॉयफ्रेंड और टेलीविजन प्रोड्यूसर राहुल राज सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। हालांकि मामले में राहुल को एंटिसिपेटरी बेल मिल गई थी और उनकी गिरफ्तारी नहीं हो हुई थी।