आज संसद में शीतकालीन सत्र चल रहा था, इसी बीच सदन में दो शख्स कूंद गए। वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दोनों शख्स कुछ स्प्रे करने लगे। संसद के अंदर पीले रंग का धुआं फैल गया। इनके कूदते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया, जिसके बाद पूरे सदन में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया।

घटना के बाद संसद के सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आ गए और बाद में दोनों शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी बीच कुमार विश्वास ने भी ट्वीट करते हुए संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक पर सवाल उठाए हैं।

कुमार विश्वास ने किया ट्वीट

कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘देश की सबसे बड़ी पंचायत की सुरक्षा में चूक बेहद संवेदनशील मामला है। इसकी जबाबदेही तय करनी होगी। सुरक्षा के लिए उत्तरदायी अधिकारियों को मामले की गंभीरता समझ आनी ही चाहिए। जिन लोगों ने यह दुस्साहस किया है उनकी मंशा भी शीघ्र प्रकट होनी चाहिए।’ कुमार विश्वास का यह ट्वीट काफी वायरल हो रहा है और इस पर लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए नजर आ रहे हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रिया

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि ‘देखिए जांच के नाम पर क्या होता है… क्योंकि इतना बड़ा चूक वो भी संसद भवन के अंदर चिंताजनक है।’ रवि नाम के यूजर ने लिखा कि ‘कैसे हुई ये चूक जब की हम एक बार भुगत चुके है।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘बिलकुल जवाबदेही तय करनी होगी , और सख़्त कदम उठाने होंगे।’

अनुराग नाम के यूजर ने लिखा कि ‘कोई बड़ा प्रोपेगेंडा भी हैं इसके पीछे सबके ब्रेन मैपिंग, नार्को टेस्ट होने ज़रूरी हैं।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘संसद भवन में अब तक दो हमले हो चुके हैं और दोनों एक ही सरकार में हुए हैं।’ नीतू नाम की यूजर ने लिखा कि ‘संसदीय सुरक्षा इतनी कमजोर तो आम आदमी की सुरक्षा फिर किसके हाथ।’

जानकारी के मुताबिक दोनों शख्स के पास गैस जैसी कोई चीज थी जिसे उन्होंने जूतों में छिपा रखा था। दोनों सांसद विजिटर के पास पर सदन में आए थे। वहीं, सदन के बाहर भी एक महिला ओर पुरुष ने पीले रंग का धुआं छोड़ा। उनका नाम नीलम और अमोल शिंदे है। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। ये दोनों भारत माता की जय और तानाशाही नहीं चलेगी के नारा लगा रहे थे।