बॉलीवुड फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी फिल्म ‘द बेंगाल फाइल्स’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी यह मूवी अगले महीने सितंबर में रिलीज होने वाली है, लेकिन इससे पहले ही जगह-जगह इसे लेकर बवाल देखने को मिल रहा है। कुछ दिनों पहले ही मेकर्स ने इसका ट्रेलर भी रिलीज किया था, तब भी बंगाल में काफी बवाल हुआ। कुछ लोगों ने होटल में जाकर तार काट दिए, जिससे इसका ट्रेलर ना दिखाया जा सके।
इसके अलावा अब विवेक अग्निहोत्री ने एक इंटरव्यू में उन खबरों पर भी विराम लगा दिया है, जिसमें कहा गया था कि ‘द बेंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर में सैफ अली खान और करीना कपूर खान पर उनके बड़े बेटे का नाम तैमूर रखने के लिए तंज कसा था। डायरेक्टर ने कहा कि उनका किसी पर सीधा निशाना साधने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी भी भारतीय को अपने बच्चे का नाम उसके नाम पर नहीं रखना चाहिए।
बता दें कि तैमूर ने साल 1398 में भारत पर आक्रमण करके दिल्ली को निशाना बनाया था। यहां तक कि उसने सिंधु नदी पार करके कई शहरों को भी लूटा और लोगों को कत्ल कर दिया। यही वजह थी कि जब सैफ-करीना ने अपने बड़े बेटे का नाम तैमूर रखा, तो उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
क्या बोले विवेक अग्निहोत्री?
अब रौनक के शो में विवेक अग्निहोत्री से जब सवाल किया गया कि क्या उनकी नई फिल्म के ट्रेलर में तैमूर का जिक्र सैफ और करीना के बेटे पर सीधा निशाना साधा गया था। इस पर डायरेक्टर ने कहा, “बहुत से लोग तैमूर नाम रखते हैं। वह (सैफ) अपने बच्चे का नाम तैमूर रखने वाले पहले व्यक्ति नहीं थे। मैं आपको समझाता हूं।
जब मैं समरकंद में ‘द ताशकंद फाइल्स’ की शूटिंग के लिए गया था, तो मैं तैमूर के मकबरे पर गया था। उसके बाहर लिखा है कि उसने दुनिया की सबसे अमीर सल्तनत को फतह की, यह दिल्ली सल्तनत थी। दरअसल, वे उसे बादशाह की उपाधि देने वाले थे, लेकिन उसने मना कर दिया और कहा कि जब तक वह दिल्ली पर फतह नहीं कर लेता, वह इसे स्वीकार नहीं करेगा।”
इसके आगे उन्होंने कहा, “यहां तक कि उसने एक रात में लाखों लोगों का कत्लेआम किया। दिल्ली से कश्मीर तक कत्लेआम मचाया। रास्ते में बलात्कार और लूटपाट की। हां, वह अपने देश में हीरो है, वह एक महान व्यक्ति है, लेकिन हमारे लिए नहीं। बेशक किसी को भी अपने बच्चे का नाम तैमूर नहीं रखना चाहिए। यह तो सवाल ही नहीं होना चाहिए।”
TRP Report Week 32: नंबर वन पर बरकरार ‘अनुपमा’ का ताज, TMKOC ने लगाई छलांग, जानें KSBKBT का हाल
