फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री अपनी बेबाकी के लिए जाना जाते हैं। वो सामाजिक मुद्दों से लेकर फिल्मों और स्टार्स के बारे में बोलने से पीछे नहीं रहते हैं। विवेक खुलकर अपने विचार रखते हैं और कई बार इसकी वजह से उन्हें कानूनी दांव पेंच का सामना भी करना पड़ता है। उन्हें ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द केरल स्टोरी’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। ऐसे में अब वो अपनी नई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसके खिलाफ कोलकाता में एफआईआर तक दर्ज करा दी गई है। कोलकाता में इसका विरोध किया जा रहा है। ऐसे में अब विवेक अग्निहोत्री ने ममता सरकार को जवाब दिया है कि अब वो इस फिल्म का ट्रेलर कोलकाता में ही रिलीज करेंगे।
विवेक रंजन अग्निहोत्री इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ के प्रमोशन के लिए अमेरिका गए हैं। वहां पर इसका प्रमोशन जोर-शोर से किया जा रहा है। इसके लिए वो अलग-अलग शहरों में कई वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित कर रहे हैं। बिना किसी विवाद या सनसनीखेज बयान के, उन्होंने बेहद सधे और सम्मानजनक अंदाज में प्रमोशन की शुरुआत की है। फिर भी, बिना किसी उकसावे के, ममता बनर्जी की टीएमसी पार्टी के कुछ सदस्यों ने निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री, प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल और एक्ट्रेस-प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज करवाई। आरोप लगाया गया कि फिल्म में विवादित कंटेंट दिखाया गया है।
विवेक अग्निहोत्री ने दिया जवाब
इसके जवाब में फिल्म मेकर्स ने कोर्ट का रुख किया और हाई कोर्ट ने सभी एफआईआर पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें राहत दी। लेकिन, कोर्ट के इस आदेश के बाद भी, नई एफआईआर दर्ज हो रही हैं। अब विवेक रंजन अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सत्ताधारी पार्टी पर आरोप लगाया कि वो फिल्म को रोकने और सच सामने आने से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ‘द बंगाल फाइल्स’ को देश की सबसे अहम फिल्म बताया, जो भारतीय इतिहास के एक बहुत ही गहरे और छिपे हुए सच को सामने लाती है।
इतना ही नहीं, विवेक अग्निहोत्री ने अपना वीडियो शेयर करने के साथ ही लिखा, ‘जरूरी और अहम: मेरे खिलाफ द बंगाल फाइल्स बनाने पर पश्चिम बंगाल सरकार ने कई FIR दर्ज की है। माननीय हाई कोर्ट ने इन पर रोक लगा दी है। वो हमें चुप क्यों कराना चाहते हैं? सच से इतनी डर क्यों लग रही है? मैं चुप नहीं रहूंगा।’
ममता सरकार को विवेक अग्निहोत्री ने दी चुनौती
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने सरकार से सवाल भी किया है। उन्होंने पूछा कि सरकार क्यों लोगों की आवाज दबा रही है और पुराने व आज के सच को छुपा रही है? फिल्ममेकर का कहना है, ‘क्या वो फिल्म के खिलाफ हैं, उसके बनाने वाले के खिलाफ या सच के खिलाफ?’ उन्होंने सभी लोगों, खासकर युवाओं से इस फिल्म को देखने का अनुरोध भी किया। विवेक अग्निहोत्री ने जोर देकर कहा कि इस फिल्म के पीछे कई सालों की मेहनत और रिसर्च है और उन्होंने न्याय व्यवस्था पर अपना भरोसा जताया।
इतना ही नहीं, फिल्ममेकर ने ममता सरकार को चुनौती भी दी और ऐलान किया कि अब फिल्म का ट्रेलर कोलकाता में ही लॉन्च किया जाएगा, उसी शहर में, जहां ये एफआईआर दर्ज हो रही हैं।
आपको बता दें कि ‘द बंगाल फाइल्स’ को विवेक रंजन अग्निहोत्री ने लिखा है और इसे अभिषेक अग्रवाल के साथ पल्लवी जोशी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार अहम किरदार निभा रहे हैं। तेज नारायण अग्रवाल और आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस द्वारा पेश की गई यह फिल्म, विवेक की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है, जिसमें ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द ताशकंद फाइल्स’ भी शामिल हैं। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। Bhojpuri hit Song: ‘फिल्म के हिरोइन’, भोजपुरी की नई एक्ट्रेस पर फिदा हुए नीलकमल सिंह, 1 दिन में 10 लाख लोगों ने देखा VIDEO