साउथ अभिनेता रजनीकांत को सोमवार देर रात चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टीम रजनीकांत की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एएनआई के मुताबिक अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि 73 वर्षीय सुपरस्टार को पेट दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये भी बताया जा रहा है कि उनकी मंगलवार को एक सर्जरी भी होनी है, जिसके लिए वो एडमिट हुए हैं।
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल के एक सूत्र ने पुष्टि की कि रजनीकांत मंगलवार को कार्डियक कैथ लैब में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. साई सतीश की देखरेख में एक इलेक्टिव प्रोसेजर से गुजरेंगे। सीएनएन और न्यूज 18 की रिपोर्ट में ये भी बताया जा रहा है कि जब तबीयत के बारे में जानने के लिए रजनीकांत की पत्नी लता से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, “सब ठीक है।”
सोशल मीडिया पर ये खबर आग की तरह फैल गई है और थलाइवा के फैंस उन्हें लेकर काफी परेशान हैं। लोग उनके जल्दी ठीक होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं। ANI ने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर चेन्नई के अपोलो अस्पताल के विजुअल शेयर किए हैं, जहां थलाइका को सोमवार देर रात भर्ती किया गया था।
पहले भी हुए थे भर्ती
इससे पहले साल 2020 में भी रजनीकांत अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी राजनीतिक पार्टी के लॉन्च से कुछ दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ी थी। अपनी सेहत के बारे में बात करते हुए रजनीकांत ने कहा था कि अपनी हेल्थ कंडीशन को उन्होंने भगवान की चेतावनी के रूप में लिया।