The Kapil Sharma Show के नए सीज़न के साथ जल्द ही कॉमेडी किंग कपिल शर्मा छोटे परदे पर वापसी को तैयार हैं। शो का टीजर भी रिलीज किया जा चुका है जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। कपिल शर्मा अपने कॉमेडी को लेकर जितने लोकप्रिय हुए, उतने ही वो विवादित भी रहे हैं। कभी सुनील ग्रोवर से उनकी लड़ाई तो कभी मीडिया से उनका झगड़ा चर्चे में रहा। ट्विटर पर उनके ट्वीट्स पर भी खूब विवाद हुए।

कपिल शर्मा ने इसी विवाद से बचने के लिए अपनी पत्नी गिन्नी के फोन में अपना ट्विटर अकाउंट लॉगिन कर दिया था। उन्होंने गिन्नी से कहा था कि अगर वो कुछ विवादित ट्वीट करते हैं तो वो उन्हें डिलीट कर दिया करें।

अरबाज खान के टॉक शो, ‘पिंच’ में कपिल शर्मा ने इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी कोई सोशल मीडिया टीम नहीं है, वो अपने अकाउंट्स खुद हैंडल करते हैं जिस वजह से कई बार वो विवादों में पड़ जाते हैं। कपिल शर्मा ने बताया था, ‘मैं ट्वीट करके क्यों फंसता हूं? क्योंकि मेरी कोई सोशल मीडिया टीम नहीं है। टीम होती तो ये सब होता?’

उन्होंने आगे बताया था, ‘लेकिन मैंने अभी क्या किया न..अपने वाइफ (गिन्नी चतरथ) के फोन में अपना ट्विटर साइन इन कर दिया है। मैंने कहा अगर तुम्हें लगे कि मैंने कुछ ऐसा-वैसा ट्वीट कर दिया तो डिलीट कर देना क्योंकि मैं तो करूंगा नहीं।’

 

कपिल शर्मा अपने साथ काम कर रहे कॉमेडियन सुनील ग्रोवर से झगड़े को लेकर भी विवादों में आ गए थे। सुनील ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में गुत्थी और डॉक्टर गुलाटी के किरदार से दर्शकों का मनोरंजन करते थे लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था जिसके बाद सुनील ग्रोवर ने शो छोड़ दिया था।

कपिल शर्मा एक पत्रकार के साथ भी झगड़े को लेकर विवादों में आ गए थे। दरअसल कपिल का आरोप था कि पत्रकार उनके बारे में पिछले कुछ समय से नेगेटिव बातें लिख रहे हैं। उन्हीं दिनों कपिल शर्मा की फिल्म फिरंगी फ्लॉप हो गई थी। कपिल शर्मा ने खुद के बारे में लगातार नेगेटिव खबरें लिखे जाने पर उस पत्रकार को कथित रूप से गालियां दे दी थीं जिसका ऑडियो लीक हो गया था।