Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah:‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ चर्चित कॉमेडी सीरियल्स में से एक है। लोग इसे खूब पसंद करते हैं। कहते हैं कि किसी को रुलाना आसान है लेकिन हँसाना बहुत ही मुश्किल होता है। लेकिन इस सीरियल में ‘तारक मेहता’ का किरदार निभा रहे अभिनेता शैलेश लोढ़ा के लिए यह कोई मुश्किल काम नहीं है।
वे हंसाने के साथ शो में कई अच्छी सीख भी दे जाते हैं। अपनी बेमिसाल एक्टिंग और सरलता के बलबूते वे मन में बस जाते हैं। शैलेश अभिनय के साथ ही एक बेहतरीन कवि और लेखक भी हैं। अब तक वे कई शो कर चुके हैं लेकिन तारक मेहता के किरदार ने उन्हें सफलता के शिखर पर पहुँचाने में ख़ास भूमिका निभाई है।
शैलेश का जन्म राजस्थान के जोधपुर में 15 जुलाई 1969 को हुआ था। बचपन में पिता का लगातार ट्रांसफर होता रहता था तो इनका जीवन कई शहरों में बीता है। एक कवि होने के गुण इन्हें अपनी माँ से मिले। उनकी माँ को किताबें पढ़ना पसंद था और हिन्दी की समझ थी। इसका असर शैलेश पर भी पड़ा। वे बचपन से ही कविताओं में रुचि रखते थे। जिसके कारण 9 साल की उम्र में शैलेश को लोग “बाल कवि” के नाम से पुकारने लगे थे।
पत्नी भी हैं लेखक: शैलेश की शादी स्वाति लोढ़ा से हुई है, जो खुद एक लेखक ही हैं। वे मैनेजमेंट से जुड़े विषयों पर लगातार लिखती रहती हैं। उनकी लिखी कई किताबों से कई लोगों का जीवन बदला है। साथ ही शैलेश भी अब तक 4 किताबें लिख चुके हैं। उनकी किताब “दिलजले का फेसबुक स्टेटस” काफी चर्चित रही है।
कैसे मिला तारक मेहता में काम: अभिनय से पहले शैलेश लोढ़ा कवि थे और तमाम शेरो-शायरी की महफिल और मुशायरा में हिस्सा भी लेते थे। एक बार जब वे अपने हास्य कवि सम्मेलन शो “वाह वाह क्या बात है” को होस्ट कर रहे थे तब टीवी शो निर्देशक असित कुमार मोदी की नजर उन पर पड़ी और वे काफी प्रभावित हुए। उन्होंने लोढ़ा को ‘तारक मेहता’ का रोल ऑफर किया। जिसके बाद से वे टीवी पर भी छा गये।
शैलेश लोढ़ा भारत में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कवियों में शुमार हैं। पहले अपनी लग्ज़री गाड़ियों के शौक के लिए भी जाने जाते हैं। उनके पास ऑडी और मर्सिडीज जैसी कई गाड़ियाँ हैं। वे कॉमेडी सर्कस में भी प्रतिभागी के रूप में नज़र आये थे। इसके अलावा वे कॉमेडी दंगल, अजब गजब घर जमाई, और वाह वाह क्या बात है में काम कर चुके हैं। साथ ही कई सारे रियालिटी शो होस्ट भी कर चुके हैं।
