कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गोवा दौरे से जुड़े एक वीडियो के कारण काफी चर्चा में आ गई हैं। इस वीडियो में प्रियंका गांधी गोवा की आदिवासी महिलाओं के साथ डांस करते हुए दिखाई दीं। प्रियंका गांधी का यह वीडियो उस वक्त वायरल हुआ, जिस वक्त दिल्ली कैंट के बराड़ चौक पर सीडीएस जनरल बिपिन रावत को अंतिम विदाई दी जा रही थी। ऐसे में अपने वीडियो के कारण कांग्रेस महासचिव भाजपा व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ-साथ आम लोगों के भी निशाने पर आ गईं। हाल ही में मशहूर पत्रकार सुशांत सिन्हा ने भी प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है।

सुशांत सिन्हा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया। सुशांत सिन्हा ने अपने ट्वीट में लिखा, “जब देश जनरल रावत के जाने से दुखी है तब प्रियंका जी को एंजॉय करते देख वही लोग हैरान हैं, जो शायद हाथरस के दुखी परिवार से मिलने जाते वक्त इनका हंसी ठठ्ठा भूल गए।

सुशांत सिन्हा यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा, “या पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देते समय राहुल गांधी का मोबाइल पर बिजी रहना भूल गए।” अपने इस ट्वीट को लेकर खुद पत्रकार सुशांत सिन्हा भी लोगों के निशाने पर आ गए हैं। पत्रकार का जवाब देते हुए एक यूजर ने भाजपा नेताओं का भागते हुए वीडियो साझा किया और लिखा, “यह शायद शहीदों के दुख में दौड़ प्रतियोगिता करवा रहे हैं।”

विवेक कुमार नाम के यूजर ने सुशांत सिन्हा से सवाल करते हुए लिखा, “तो आप कहना चाहते हैं कि कैटरीना की शादी और जन्मदिन पार्टी जैसे समारोहों को कुछ महीनों के लिए प्रतिबंधित कर देना चाहिए, हंसने की बिल्कुल भी अनुमति नहीं होनी चाहिए? जो हुआ दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन जिंदगी यूं ही चलती रहती है।”

इरफान नाम के यूजर ने सुशांत सिन्हा पर तंज कसते हुए लिखा, “आपका एक दोस्त दारू पीकर बैठा था, उसपर सवाल करेंगे?” अभिषेक सिंह नाम के यूजर ने भाजपा नेताओं की तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, “आपके अंदर भाजपा नेताओं से सवाल करने की हिम्मत है। वे सभी कैंपेनिंग कर रहे थे, लेकिन आपने केवल प्रियंका गांधी वाड्रा को ही चुना।”