अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले में रोज-रोज नई-नई बातें खुलकर सामने आ रही हैं। कभी परिवार वालों की ओर से सुशांत के साथ बॉलीवुड में भेदभाव की बातें कही जाती हैं, तो कभी सियासी नेता सुशांत के परिवार में ही आपसी रिश्ते अच्छे नहीं होने के दावे करते हैं। एक तरफ मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस में जांच को लेकर टकराव की बातें उठती हैं तो दूसरी तरफ मामले में मीडिया ट्रायल को लेकर भी विरोध के स्वर उठने लगते हैं। ताजी खबर यह है कि सुशांत सिंह राजपूत के बारे में दावा किया जा रहा है कि वह भगवान शंकर के भक्त थे और पिछले साल ही उन्होंने अपने मुंबई वाले घर पर कालसर्प दोष निवारण पूजा करवाई थी।
न्यूज चैनल आज तक के मुताबिक 9 अप्रैल 2019 को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा वाले फ्लैट में कालसर्प दोष की पूजा करवाई थी। इस पूजा को कराने के लिए महाराष्ट्र के त्रयंबकेश्वर से 13 पंडित बुलाए गए थे। इस पूजा में सुशांत की बहन और बहनोई भी शामिल हुए थे। चैनल को मिले पूजा के वीडियो में रिया चक्रवर्ती नजर नहीं आ रही हैं। पूजा करते समय सुशांत सिंह खुश नजर आ रहे हैं।
पूजा करवाने वाले पं. नारायण शास्त्री का कहना है कि सुशांत सिंह राजपूत भगवान भोले के बड़े भक्त थे। उनकी और पूरे परिवार की भगवान में गहरी आस्था थी। कहा कि उस दिन सुशांत बहुत खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि वह रिया को नहीं पहचानते हैं। चार-पांच घंटे चली पूजा के बाद सुशांत ने सभी पंडितों के साथ फोटो भी खिंचवाई थी।
उधर, कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने सोमवार को शिवसेना सांसद संजय राउत पर परोक्ष हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के बारे में ‘‘ओछी बातें कर रहे हैं।’’ साथ ही, उन्होंने भगवा पार्टी से संवेदनशीलता दिखाने को भी कहा। निरूपम ने यह भी कहा कि हर परिवार की कुछ कहानी होती है, शिवसेना वालों की भी है।