सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी के मामले में FIR दर्ज होने और तमाम आरोप लगने के बाद उनकी गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस पूरे मामले पर बिहार पुलिस रिया के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने पर विचार कर रही है। खबरों की मानें तो रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बिहार पुलिस के हाथ केस से जुड़े कुछ बड़े सबूत लगे हैं। ऐसे में रिया चक्रवर्ती से पूछताछ करना तय माना जा रहा है।
आजतक में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस रिया चक्रवर्ती से संपर्क नहीं कर पा रही है। खबर ऐसी भी सामने आ रही है कि रिया लापता हो गई हैं। बिहार पुलिस ने सुशांत मामले में तेजी दिखाते हुए केस से जुड़े कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े कई पहलू हैं और बिहार पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत भी लगे हैं। ऐसे में हो सकता है कि पुलिस जल्द ही एक्ट्रेस के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दे। वहीं इस पूरे मामले पर रिया के वकील ने कहा कि रिया को या फिर उन्हें कोई लुकआउट नोटिस नहीं भेजा गया है और रिया के घर भी कोई नहीं आया है।
अस्पताल ने सुशांत की ऑटोप्सी रिपोर्ट देने से किया इंकार: कूपर हॉस्पिटल के ऐडमिन ने बिहार पुलिस से मिलने से मना कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक बिहार पुलिस सुशांत की ऑटोप्सी रिपोर्ट चाहती थी जिसे कूपर हॉस्पिटल ने देने से मना कर दिया है। हॉस्पिटल के ऐडमिन ने कहा है कि ‘मुंबई पुलिस प्रोटोकॉल्स’ के तहत वह रिपोर्ट नहीं दे सकते हैं। साथ ही बिहार पुलिस को डॉक्टर्स से भी नहीं मिलने दिया गया है।
बता दें कि सुशांत के पिता ने रिया और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार में केस दर्ज करवाया है। सुशांत के पिता का कहना है कि रिया ने सुशांत को परिवार से दूर किया और उन्हें आत्महत्या करने के लिए उकसाया। किशोर सिंह ने बताया कि सुशांत को रिया ने अपने कंट्रोल में कर लिया था। सुशांत बार बार नंबर भी बदलते थे। उनके क्रेडिट कार्ड से लेकर सभी आईडी पासवर्ड तक रिया ने जब्त कर लिए थे। यहां तक कि परिवार को उनसे मिलने तक नहीं दिया जाता था।