कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। बीते शनिवार को प्रियंका गांधी वाड्रा लखीमपुर खीरी पहुंचीं, जहां उन्होंने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी का शिकार हुई सपा कार्यकर्ता से मुलाकात की। प्रियंका गांधी के इस कदम को लेकर आज तक के ‘दंगल’ शो में भी चर्चा की गई, जहां सुप्रिया श्रीनेत ने जमकर भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने यूपी के मंत्री मोहसिन रजा पर भड़कते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी क्या आंखों पर पट्टी बांधकर देश चला रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े भी सवाल उठाए।
सुप्रिया श्रीनेत ने चित्रा त्रिपाठी के शो में प्रियंका गांधी के यूपी दौरे के बारे में बात करते हुए कहा, “आज वह लखीमपुर खीरी गईं और यह दलगत राजनीति से ऊपर की बात है। एक महिला के वस्त्र खींचने का प्रयास लोकतंत्र का चीरहरण है। दिक्कत यह है कि हस्तिनापुर में जैसे धृतराष्ट्र ने आंखें फेर ली थीं, वही काम उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी हुआ।”
सुप्रिया श्रीनेत की बातों को लेकर यूपी के मंत्री मोहसिन रजा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की हताशा नजर आ रही है, क्योंकि यूपी में कांग्रेस है ही नहीं। जिस तरह किसान भाइयों का शोषण कांग्रेस राज में हुआ, अगर प्रियंका जी वहां जाकर उनके पति द्वारा ली गई जमीनों पर बात करती तो शायद अच्छा लगता।”
“एक महिला के वस्त्र खींचने का प्रयास, लोकतंत्र का चीरहरण है। क्या इस पर चुप रहा जा सकता है?” – प्रियंका गाँधी की अनीता यादव से मुलाक़ात पर बोलीं कांग्रेस प्रवक्ता @SupriyaShrinate
“उत्तर प्रदेश में कांग्रेस है ही नहीं”: यूपी सरकार में मंत्री @Mohsinrazabjpup
लाइव देखें #Dangal pic.twitter.com/lnOyy5Db5j
— AajTak (@aajtak) July 17, 2021
मोहसिन रजा ने दानिश सिद्दीकी के बारे में बात करते हुए कहा, “हमारे सूचना प्रसारण मंत्री ने उनकी श्रद्धांजलि के लिए बयान दिया था। यह बात आज न्यूजपेपर में भी छपी हुई है।” उनकी इन बातों को लेकर सुप्रिया श्रीनेत ने बीच में ही टोक दिया और कहा कि कुछ महिलाओं के बारे में भी बात कर लीजिए।
दानिश सिद्दीकी के बारे में बात करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री क्या आंखों पर पट्टी बांधकर देश चला रहे हैं। मैं यहां महिला सुरक्षा पर बात कर रही हूं, उनका खुलकर चीरहरण हो रहा है। शर्म आनी चाहिए आपको।” बता दें कि डिबेट के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने पीएम नरेंद्र मोदी पर लोगों के जख्म पर नमक रगड़ने का भी आरोप लगाया।
इससे इतर डिबेट में चित्रा त्रिपाठी ने सुप्रिया श्रीनेत से सवाल किया, “इतनी कमियां होने के बाद भी भाजपा को बार-बार क्यों चुना रहा है?” इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा, “2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की धज्जियां उड़ेंगी। “