रंगों का त्योहार होली का काउंट डाउन शुरू हो गया है। लोग होली के रंग में रंगने की तैयारी कर चुके हैं। इस त्योहार की धूम आम लोगों के साथ ही सेलेब्स के बीच भी बखूबी देखने के लिए मिलती है। स्टार्स दोस्तों और परिवार के साथ जमकर इसका जश्न मनाते हैं। वहीं भोजपुरी में तो महीनेभर पहले से ही इसकी धूम देखने के लिए मिल जाती है। ऐसे में अब भोजपुरी स्टार सिंगर नीलकमल सिंह गर्दा उड़ाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने होली से पहले ही सारा माहौल रंगीन कर दिया है। पहले तो उन्होंने आकांक्षा पुरी संग आग लगाई इसके बाद अब सनी लियोनी के साथ वो बवाल काटने आ रहे हैं।
दरअसल, होली के मौके पर नीलकमल सिंह और सनी लियोनी की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसके बाद चर्चा शुरू हो गई है कि दोनों स्टार्स होली धमाका कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है कि दोनों होली धमाका करने वाले हैं या फिर किसी और प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। लेकिन, फोटो से एक बात तो तय है कि सनी लियोनी और नीलकमल सिंह की जोड़ी किसी म्यूजिक एल्बम में नजर आने वाली है। वायरल फोटो में एक्ट्रेस को येलो साड़ी में देखा जा सकता है और नीलकमल सिंह को जीन्स टी-शर्ट में देखा जा सकता है। इसमें दोनों के बीच की केमिस्ट्री कमाल की लग रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि ये जोड़ी कौन सा धमाका करने वाली है।
नीलकमल ने आकांक्षा पुरी संग ‘आग लगा दी’
आपको बता दें कि सनी लियोनी से पहले नीलकमल सिंह ने टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी संग होली सॉन्ग ‘आग लगा दी’ में काम किया। इसमें उनके साथ अनु मलिक भी नजर आए। भोजपुरी और बॉलीवुड के इस कॉलेबोरेशन ने यूट्यूब पर सच में आग लगी। इस गाने के वीडियो महज पांच दिनों में चार मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। गाने का म्यूजिक अनु मलिक ने तैयार किया है। आकांक्षा ने गाने में अपनी अदाओं का जादू बिखेरा है। गाना का वीडियो यूट्यूब पर 11वें नंबर पर ट्रेंड भी कर रहा है।
पवन सिंह संग जादू बिखेर चुकीं सनी लियोनी
गौरतलब है कि नीलकमल सिंह से पहले सनी लियोनी, पवन सिंह संग बवाल काट चुकी हैं। वो पिछले साल पावरस्टार के बर्थडे पर रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो में नजर आई थीं। इस गाने के बोल ‘तेरी लाल चुनरिया’ था। इसे 28 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। गाने को दर्शकों की ओर से काफी पसंद किया गया था। पवन सिंह और सनी लियोनी की केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया था। ऐसे में एक बार फिर से सनी लियोनी को भोजपुरी स्टार के साथ देखना दिलचस्प होने वाला है। भोजपुरिया फैंस उन्हें स्क्रीन पर देखने के लिए एक्साइटेड हैं। देखना होगा कि एक्ट्रेस नीलकमल सिंह के साथ क्या कुछ जलवा बिखेरती हैं।