बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सलमान खान एक्टर के साथ-साथ एक प्रोड्यूसर भी हैं और अपनी फिल्म ‘हीरो’ में उन्होंने सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी के साथ भी काम किया था। हालांकि सलमान खान अथिया शेट्टी को इंस्टाग्राम पर फॉलो नहीं करते हैं। इस बात के लिए सलमान खान ने हाल ही में अरबाज खान के टॉक शो पर हाथ जोड़कर अथिया शेट्टी से माफी मांगी। उनकी इस बात पर अब सुनील शेट्टी का भी रिएक्शन आया है।
दरअसल, टॉक शो के दौरान अरबाज खान ने सलमान खान से सवाल किया कि इंस्टाग्राम पर वह कैटरीना कैफ, संगीता बिजलानी और अथिया शेट्टी में से किसे फॉलो नहीं करते हैं। इसके जवाब में सलमान खान ने संगीता बिजलानी का नाम लिया। हालांकि अरबाज खान ने उन्हें बताया कि वह संगीता नहीं बल्कि अथिया शेट्टी को फॉलो नहीं करते हैं।
इस बात पर सलमान खान ने तुरंत ही अथिया शेट्टी से हाथ जोड़कर माफी मांगी। ‘बजरंगी भाईजान’ एक्टर की इस बात को लेकर सुनील शेट्टी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से भी बातचीत की। सुनील शेट्टी ने कहा, “सलमान खान परिवार के सदस्य की तरह हैं, वह जो भी करते हैं, पूरे दिल से करते हैं।”
सुनील शेट्टी ने सलमान खान के बारे में बात करते हुए आगे कहा, “जब सलमान ने अथिया से स्क्रीन पर माफी मांगी तो यह बहुत ही क्यूट चीज थी। उनका रिश्ता बहुत ही खूबसूरत है। मेरा साथ भी उनका रिश्ता अच्छा है और पुरुषों को माफी मांगने के लिए थोड़ी हिम्मत चाहिए होती है।”
बता दें कि हाल ही में अथिया शेट्टी क्रिकेटर केएल राहुल से अपने रिश्ते को लेकर भी चर्चा में आ गई थीं। वहीं जब सुनील शेट्टी से दोनों के रिश्ते के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था, “उस रिश्ते को मैं नहीं निभा रहा था, आपको यह सवाल अथिया से पूछना पड़ेगा।” इसके अलावा जब सुनील शेट्टी से सवाल किया गया कि क्या दोनों के रिश्ते की अफवाह सच है, तो एक्टर ने जवाब दिया, “अगर सच है तो आप मुझे भी बता दो, फिर उसके बाद हम इसपर बात करेंगे। अगर आप नहीं जानते तो आप इसके बारे में सवाल भी कैसे कर सकते हो।”