राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री 2’ भारत की नंबर वन हिंदी फिल्म बन गई है। स्त्री 2 की प्रोडक्शन कंपनियों में से एक मैडॉक फिल्म्स ने इसकी जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर करते हुए इस गुड न्यूज को फैंस के साथ शेयर किया गया है। फिल्म ने शाहरुख खान की फिल्म जवान के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि ऐसा सिर्फ हिंदी भाषा में हुआ है।
स्त्री 2 की टीम ने फिल्म के नए रिकॉर्ड की पुष्टि की पोस्टर पर लिखा था, “भारतीय बॉक्स ऑफिस की अब तक की नंबर 1 हिंदी फिल्म!” कैप्शन में लिखा था, “वो स्त्री है और उसने आखिर कर दिखाया…हिंदुस्तान की सबसे बेहतरीन फिल्म!!! यह इतिहास हमारे साथ रचने के लिए सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत धन्यवाद… स्त्री 2 अभी भी सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चल रही है… थिएटर आइए, कुछ और नए रिकॉर्ड रचते हैं!”
स्त्री 2 की अब तक की कमाई
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म स्त्री 2 ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 586 करोड़ रुपये की कमाई की है। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इस खबर को शेयर किया है। फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “स्त्री 2 ने इतिहास रच दिया… अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई… #जवान (हिंदी वर्जन) के लाइफटाइम बिज़नेस को फिल्म ने पार कर लिया है… अगला पड़ाव: ₹600 करोड़ क्लब की शुरुआत।”
तरण आदर्श ने आगे बताया कि [सप्ताह 5] में शुक्रवार फिल्म ने 3.60 करोड़, शनिवार 5.55 करोड़, रविवार 6.85 करोड़, सोमवार 3.17 करोड़, मंगलवार 2.65 करोड़। फिल्म ने कुल: ₹586 करोड़ का बिजनेस भारत में किया है।
Sacnilk.com के अनुसार, भारत में जवान का नेट कलेक्शन, सभी भाषाओं (हिंदी, तमिल और तेलुगु) के लिए ₹640.25 करोड़ है। हिंदी में, भारत में इसका लाइफ़टाइम कलेक्शन ₹582.31 करोड़ है। जवान (2023) का निर्देशन एटली ने किया है, जो शाहरुख खान की एक्शन थ्रिलर फ़िल्म है। फिल्म में शाहरुख खान पिता और बेटे के डबल रोल में हैं। इनके अलावा फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति, दीपिका पादुकोण, प्रियामणि और सान्या मल्होत्रा भी अहम रोल में हैं।
YRF ने भी स्त्री 2 को सफलता की बधाई दी है।
स्त्री 2 के बारे में
स्त्री 2 की बात करें तो इस फिल्म का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है, इस फिल्म में वरुण धवन और अक्षय कुमार का कैमियो है। स्त्री साल 2018 में रिलीज हुई थी जो पहले से ही एक बड़ी हिट थी, फिल्म के सीक्वल का लोगों को इंतजार था और स्त्री 2 जैसे ही आई फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना भी हैं।