हिंदी सिनेमा की शानदार अभिनेत्री श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को हुआ था। लेजेंड श्रीदेवी को गुजरे हुए फरवरी में पूरा एक साल होने वाला है। ‘मिस्टर इंडिया’ एक्ट्रेस की डेथ एनीवर्सरी करीब है। ऐसे में श्रीदेवी की आत्मा की शांति के लिए उनका परिवार पूजा पाठ की तैयारी में व्यस्त है। इसके चलते श्रीदेवी के पति बोनी कपूर अपनी दोनों बेटियों के साथ चेन्नई जाने के लिए तैयार हैं। श्रीदेवी की पुण्यतिथि 24 फरवरी को है। वहीं श्रीदेवी के चेन्नई वाले घर में बड़ी पूजा कराई जानी है, जिसमें पूरा कपूर खानदान मौजूद रहेगा। बोनी कपूर, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर चेन्नई में होने वाली इस पूजा में शामिल होंगे।
बता दें, श्रीदेवी का चेन्नई वाला घर डॉ. एम करुणानिधी के घर के बगल में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूजा में जाह्नवी-खुशी और बोनी के अलावा, अनिल कपूर अपनी पत्नी सुनीता के साथ शामिल होंगे। वहीं क्लोज फैमिली मेंबर्स भी इस पूजा में शामिल होंगे। श्रीदेवी का निधन दुबई में हुआ था। दुबई के एक होटल के कमरे में एक्ट्रेस मृत पाई गई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल के कमरे के बाथरूम में बाथटब था जिसमें श्रीदेवी पाई गई थीं।
एक्ट्रेस श्रीदेवी अपनी फैमिली के साथ दुबई एक रिश्तेदार (मोहित मारवाह) की शादी में शामिल होने के लिए गई थीं। शादी खत्म होने के बाद श्रीदेवी ने बोनी कपूर से कुछ दिन दुबई में बिताने के लिए आग्रह किया था। ऐसे में बोनी अपने काम से वापस मुंबई आ गए थे, वहीं श्रीदेवी कुछ दिनों के लिए दुबई में एक होटल में ही रुक गई थीं। कुछ वक्त के बाद एक्ट्रेस श्रीदेवी को लेकर दुबई से उनके निधन की खबर आई।
श्रीदेवी आखिरी बार शाहरुख खान की फिल्म ZERO में स्पेशल अपीयरेंस में नजर आईं। बता दें, निधन से पहले श्रीदेवी शाहरुख की फिल्म के लिए शूट कर चुकी थीं। श्रीदेवी अपनी बेटी जाह्नवी कपूर के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर काफी एक्साइटेड थीं। लेकिन जाह्नवी की फिल्म ‘धड़क’ के रिलीज होने से पहसे ही श्रीदेवी दुनिया को अलविदा कह गईं।
