समाजवादी पार्टी के नेता आई पी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें कुछ महिलाएं शिकायत करती हुई नजर आ रही हैं कि उनके साथ संसद में धक्का मुक्की और बदतमीजी की गई है। इस वीडियो को साझा करते हुए सपा नेता ने सवाल पूछा कि ‘जब देश की संसद में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो और कहां हैं?

वीडियो में आरोप लगाते हुए कहा जाता है कि महिला सांसदों के साथ मार्शल ने बदतमीजी की है। ऐसे में महिलाओं से सवाल किया जाता है कि क्या ये सच है? इस पर एक महिला कहती हैं- सुनिए, मोदी शाह ने सभी हद पार कर दी।’ इस दौरान दो और महिलाएं सामने आती हैं और वह आरोप लगाती हैं कि मेल मार्शल ने उनके साथ बदसलूकी की। इनमें से एक महिला ने अपना नाम छाया वर्मा बताया। उन्होंने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद हैं।

छाया वर्मा ने घटना का जिक्र करते हुए बताया- ‘महिला मार्शल लोग आगे खड़े थे, तो हम उनको सरका रहे थे कि आप सरक जाइए थोड़ा सा यहां से। तभी मेल मार्शल ने हमको धक्का दिया औऱ फिर ये गिर गईं, मैं मुश्किल से बची।’

एक अन्य महिला वीडियो में बताती हैं- ‘मोदी जी को इतना डर है कि मार्शल तीन चार लेयर्स में खड़े कर दिए हैं, और वो मेल मार्शल महिला सांसद की इज्जत करना नहीं जानते? मोदी सरकार में इस तरह से बदसलूकी हो रही है।’

आईपी सिंह द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर ढेरों लोगों के कमेंट आने शुरू हो गए। बलिंदर कुमार नाम के यूजर बोले- ‘मोदी सरकार शर्म करो।’ पत्रकार मेघा प्रसाद ने भी महिलाओं संग हुई इस धक्का मुक्की के वीडियो को शेयर किया।

उन्होंने लिखा- ‘विपक्ष की महिला सांसदों द्वारा बड़ा आरोप, उनका दावा है कि कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में पुरुष मार्शलों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें धक्का दिया।

इस पर प्रदीप भट्टाचार्य नाम के यूजर ने कहा- ‘अगर यह आरोप अंबेनी याज्ञनिक का है तो यह वाकई शर्मनाक है। सांसद सदन में विरोध नहीं करेंगे तो ‘सड़कों’ पर कहां धरना देंगे। शर्म करो पुरुष गार्ड महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं?’ किसी दूसरे यूजर ने कहा- इनके खिलाफ FIR क्यों दर्ज नहीं कराई? प्रधान नाम के अकाउंट से कमेंट आया- ‘वे मुंह खोल कर मुस्कुराते हुए बता रही हैं। उनके चेहरे पर कोई नाराजगी नहीं है, यानी झूठ बोल रही हैं।’