कोरोना काल के बाद सिनेमा जगत में काफी परिवर्तन देखने के लिए मिला है। कोविड 19 महामारी में जब थिएटर्स को दोबारा से खोला गया था तो बॉलीवुड फिल्में अच्छा परफॉर्म नहीं कर पा रही थीं लेकिन, वहीं साउथ की ‘पुष्पा’ और ‘KGF 2’ जैसी फिल्मों ने गदर मचा दिया था। बॉक्स ऑफिस पर अंधाधुंध कमाई की थी। इसके बाद RRR आई। वो भी हिट रही। फिर बॉलीवुड का समीकरण सही करने के लिए मेकर्स साउथ स्टार्स और हिंदी एक्टर्स को साथ लेकर फिल्में करने लगे। इसमें बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल और संजय दत्त का ठप्प करियर चल पड़ा। दोनों विलेन बनकर साउथ और हिंदी में छा गए।

बॉबी देओल ने हिंदी में ‘आश्रम’ और ‘रेस 3’ में विलेन का रोल प्ले किया। फिर ‘एनिमल’ मिली और वो स्क्रीन पर छा गए। लेकिन उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट और नहीं पहचान देने वाली सीरीज ‘आश्रम’ थी। यहां से उनको विलेन के तौर पर अच्छी खासी पहचान और एक बार फिर से इंडस्ट्री में काम मिलने लगा। ‘एनिमल’ के बाद उन्हें साउथ से बड़ी फिल्में ऑफर हुईं, जिसमें उन्होंने विलेन का रोल प्ले किया है। वहीं, संजय दत्त ‘केजीएफ 2’ से बतौर विलेन साउथ में हिट हो गए। ऐसे में चलिए बताते हैं दोनों स्टार्स की अपकमिंग फिल्मों के बारे में, जिसमें वो बतौर विलेन नजर आने वाले हैं।

संजय दत्त की साउथ फिल्में

इसकी लिस्ट की शुरुआत संजय दत्त की आने वाली फिल्मों से करते हैं। वो साउथ की कई फिल्मों में बतौर विलेन नजर आने वाले हैं। चलिए बताते हैं…

‘केडी द डेविल’

संजय दत्त ने अपने बर्थडे पर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। ध्रुव सरजा के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘केडी द डेविल’ का ऐलान किया है। इससे उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। इसमें उनका डैशिंग अवतार देखने के लिए मिला। फिल्म में नोरा फतेही और शिल्पा शेट्टी भी हैं। इसका निर्देशन प्रेम ने किया है।

‘इस्मार्ट शंकर’

साउथ एक्टर राम पोथिनेनी स्टारर फिल्म ‘इस्मार्ट शंकर’ में संजय दत्त एक दमदार विलेन की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इसे 15 अगस्त, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। पहली बार होगा जब राम और संजय दत्त साथ में स्क्रीन पर दिखाई देंगे।

‘द राजा साब’

प्रभास और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ को अप्रैल, 2025 में रिलीज किया जा सकता है। इसका निर्देशन पुरी जगन्नाध कर रहे हैं। मूवी को लेकर बताया जा रहा है कि इसमें संजय दत्त का सबसे अलग लुक और किरदार होने वाला है। फैंस इस मूवी के लिए और दोनों स्टार्स को साथ में पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं।

बॉबी देओल की फिल्में

अब बॉबी देओल की साउथ की उन फिल्मों के बारे में बता रहे हैं, जिसमें वो नजर आने वाले हैं…

‘कंगुवा’

साउथ एक्टर सूर्या के करियर की सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही ‘कंगुवा’ में बॉबी देओल एक खूंखार विलेन के रोस में दिखाई देने वाले हैं। इसे 10 अक्टूबर को तमिल, हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में 2D और 3D में रिलीज किया जाएगा। इसमें दिशा पाटनी और नटराजन सुब्रमण्यम हैं।

‘NBK 109’

नंदमुरी बालकृष्ण की अपकमिंग फिल्म ‘NBK 109’ में बॉबी देओल विलेन के रोल में दिखाई देने वाले हैं। इसका निर्देशन केएस रवींद्र ने किया है। फिल्म में उर्वशी रौतेला, पायल राजपूत, रवि किशन, दुलकर सलमान और प्रकाश राज भी अहम रोल में हैं। इसकी रिलीज को लेकर बताया जा रहा है कि फिल्म को 2024 के आखिरी में या फिर 2025 में रिलीज किया जा सकता है।

Hari Hara Veera Mallu

कृष जगरलामुडी द्वारा निर्देशित तेलुगु फिल्म Hari Hara Veera Mallu में बॉबी देओल सम्राट औरंगजेब की भूमिका में दिखाई देने वाले हैं। इसमें लीड रोल में पवन कल्याण दिखाई देंगे। ये मुगल काल पर आधारित ऐतिहासिक फिल्म है। इसमें निधि अग्रवाल, नोरा फतेही और नरगिस फखरी भी हैं। इसे पैन इंडिया रिलीज किया जाएगा।

‘देवरा पार्ट 2’

जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘देवरा’ को 27 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इससे जान्हवी कपूर साउथ में डेब्यू करने वाली हैं। ऐसे में इसकी रिलीज से पहले फिल्म के पार्ट 2 का ऐलान कर दिया गया है। इसमें बॉबी देओल विलेन की भूमिका में दिखाई देना वाले हैं। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि फिल्म के पहले पार्ट में केवल 10 मिनट के लिए बॉबी दिखाई देंगे। वहीं, पहले पार्ट में सैफ अली खान भी विलेन के रोल में हैं।