ठगों को डीपफेक के रूप में जालसाजी के लिए एक नया तरीका मिल गया है। पहले तो बॉलीवुड एक्ट्रेस अलिया भट्ट से लेकर कटरीना कैफ तक को इसका शिकार बनाया गया। वीडियो में भद्दे तरीके से उन्हें दिखाया गया। इसके बाद अब इससे मेल कलाकार भी नहीं बच पाए हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का वीडियो वायरल हुआ था। ऐसे में अब इस लिस्ट में एक और नाम शामिल हो गया है। वो है सोनू सूद का। एक्टर ने एक्स पर अपना डीपफेक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। साथ ही ये भी खुलासा किया है कि कैसे शख्स ने उनका रूप लेकर जरूरतमंद परिवार को मदद के नाम पर ठगने की कोशिश की।

सोनू सूद ने इस वीडियो को ट्विटर यानी X पर शेयर किया है। इसे साझा करने के साथ ही उन्होंने फैंस को सतर्क रहने के लिए भी कहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बहरूपिए ने सोनू सूद का रूप धरकर एक जरूरतमंद परिवार को फोन किया। उस फैमिली को इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी। उसने परिवार को आश्वासन दिया कि वो उनकी मदद करेगा। ऐसे में इस वीडियो में सोनू सूद ने जब खुद को देखा तो वो शॉक्ड रह गए।

वीडियो को लेकर क्या बोले सोनू सूद?

एक्टर ने वीडियो को शेयर करने के साथ ही इस मामले को लेकर लिखा, ‘मेरी फिल्म ‘फतेह’ ऐसी ही सच्ची घटन पर आधारित है। इसमें डीप फेक और फर्जी लोन ऐप्स शामिल हैं। ये नई घटना है, जिसमें किसी ने खुद को सोनू सूद बताकर एक परिवार से वीडियो कॉल के जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश की।’ सोनू सूद ने आगे लिखा, ‘ऐसी जालसाजी का शिकार कई निर्दोष लोग हो जाते हैं।’ अंत में एक्टर ने लोगों से अनुरोध किया कि वो ऐसी कॉल्स से सतर्क रहें। उनकी पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस अलर्ट हो गए और उन्होंने इस जानकारी को देने के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया।

गरीबों के मसीहा हैं सोनू सूद

गौरतलब है कि सोनू सूद को गरीबों का मसीहा कहा जाता है। वो कोरोना काल से समाज सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। अक्सर ही देखा जाता है कि वो जरूरतमंदों की मदद करते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने हजारों लोगों की मदद की थी। लोगों को उनके परिवार से मिलाने का काम किया था।

बहरहाल, अब अगर सोनू सूद के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो जल्द ही फिल्म ‘फतेह’ के जरिए स्क्रीन पर नजर आने वाले हैं। फैंस को उनकी इस मूवी की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। इसे वैभव मिश्रा द्वारा डायरेक्ट किया गया है। फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस भी हैं और यह 12 अप्रैल को रिलीज होगी।