बॉलीवुड की सबसे स्टाइलिश अभिनेत्री सोनम कपूर कल यानि 8 मई को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। सोनम कपूर काफी लंबे समय से उनके दोस्त रहे आनंद अहूजा से शादी करेंगी। भारतीय फिल्म जगत में सोनम कपूर एक ऐसी अभिनेत्री हैं जिनके अभिनय की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड में अपनी अदाओं का जादू बिखेरनी वाली सोनम कपूर का वजन कभी 86 किलोग्राम हुआ करता था। इस वजन से छुटकारा पाने और एक टोन्ड, सेक्सी बॉडी पाने के लिए सोनम कपूर को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, सोनम कपूर जब टीनेजर थीं तब वे अपने वजन को लेकर काफी परेशान रहती थीं। मोटापे के कारण उन्हें समस्या होती थी।
रिपोर्ट के अनुसार, इस बात का खुलासा खुद सोनम कपूर ने कुछ साल पहले एक बुक लॉन्च के इवेंट के दौरान किया था। सोनम कपूर ने कहा, “जब मैं 12 साल की थी तबसे ही मैं मोटापे से लड़ रही थी।” इसके बाद सोनम ने खुलासा किया था कि जब वे 15 साल की हुई तो उनका वजन और ज्यादा बढ़ गया था और 19 साल की उम्र में उनका वजन 86 किलोग्राम था। 17 साल की उम्र में सोनम कपूर का डायबिटीज का इलाज चल रहा था।
ऐसी खबर है कि सोनम कपूर जब दो साल पढ़ाई करने के लिए सिंगापुर गई थीं तब उनका सबसे ज्यादा वजन बढ़ा था। इस वजन को कम करने के लिए सोनम ने कड़ी मेहनत की और संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ में डेब्यू कर उन्होंने सभी को चौंका दिया था। इस फिल्म में सोनम बहुत ही स्लिम दिखाई दी थीं, जिससे पता चलता है कि उन्होंने वजन कम करने के लिए काफी मेहनत की है। एक साल तक स्ट्रिक्ट डायट और वर्कआउट की मदद से सोनम कपूर 35 किलोग्राम वजन कम करने में कामयाब हो पाईं। इसका श्रेय सोनम कपूर अपनी मां को देती हैं जिन्होंने एक नियमित लाइफस्टाइल को फॉलो करने में उनकी मदद की थी।


