लवबर्ड्स सोनम कपूर और आनंद आहूजा 8 मई को सिख रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंध गए हैं। शादी के बाद सोनम और आनंद की तस्वीरें सामने आई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर सोनम और आनंद एक-दूसरे का हाथ थामे स्पॉट किए गए। लाइट ग्रीनम कलर की साड़ी और हाथों में मेहंदी सोनम कपूर को खूबसूरत ब्राइड लुक में नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनम और आनंद ने कान फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनने के लिए उड़ान भरी थी। सोशल मीडिया पर सोनम कपूर और आनंद आहूजा का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह दोनों फ्लाइट में मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में सोनम कपूर पति आनंद आहूजा के कंधे पर सिर रखे हुए नजर आ रही हैं, तो वहीं आनंद वीडियो बना रहे हैं। वीडियो में सोनम, आनंद से धीरे के कुछ कहती हैं तो वहीं आनंद चिढ़ाने वाले एक्सप्रेशन देते हैं। आनंद ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फ्लाइट यात्रा की कुछ तस्वीरें और वीडियोज भी शेयर किए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सोनम कपूर 14 मई को कान्स के रेड कारपेट पर नजर आ सकती है। कान फिल्म फेस्टिवल से लौटने के बाद सोनम कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के प्रमोशन में बिजी हो जाएंगी। इसके साथ ही वह अपनी अगली फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ की शूटिंग में भी बिजी हो जाएंगी। फिल्म में सोनम कपूर पिता अनिल कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगी।

सोनम कपूर की मेहंदी से लेकर शादी की खबरें बी-टॉउन में चर्चा में रही थीं। सोनम कपूर की शादी में बॉलीवुड के दिग्गज स्टार्स सलमान खान, शाहरुख खान, जैकलीन फर्नांडीस, अक्षय कुमार, सैफ अली खान, करीना कपूर खान, करिश्मा कपूर, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, बोनी कपूर और वरुण धवन समेत कई स्टार्स शामिल हुए थे। सोनम की शादी के वीडियोज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।