जो लोग सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं उन्हें इंस्पायरिंग कपल बिबेक पंगेनी और उनकी पत्नी श्रीजना सुबेदी के बारे में पता होगा। श्रीजना जो लंबे समय से दिन रात अपने पति की सेवा कर रही थीं, वो अब अकेली रह गई हैं। जी हां! बिबेक अब इस दुनिया में नहीं रहे, वह कैंसर से जंग हार गए हैं। उनकी पत्नी ने इससे जुड़ा कोई पोस्ट शेयर नहीं किया, लेकिन उनकी पोस्ट पर करीबी लोगों ने RIP Bibek लिखा है। जिन लोगों ने शुरुआत से इस कपल की कहानी को देखा है, वो इस खबर से टूट गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बिबेक का निधन 19 दिसंबर को हुआ। श्रीजना अपने पति के साथ अक्सर वीडियो शेयर करती रहती थीं, लेकिन कई दिनों से उन्होंने कोई अपडेट नहीं दिया। जो लोग सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो करते हैं वो श्रीजना की पुरानी पोस्ट पर कमेंट्स कर बिबेक की हेल्थ के बारे में पूछ रहे थे, लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं मिल रहा था, अब जब उनके निधन की खबर आई तो उनके फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
आज के जमाने में श्रीजना ने पेश की मिसाल
बता दें बिबेक को स्टेज 3 ब्रेन कैंसर था और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। श्रीजना एक ढाल बनकर उनके साथ खड़ी थीं, वो हर पल उनके साथ थीं, चाहे अस्पताल हो या घर वह हर पल उनके साथ साय की तरह रह रही थीं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग उनकी खूब तारीफ करते थे। लोगों का कहना है कि जिस जमाने में लोग तलाक और सेपरेशन कर लेते हैं, वहां श्रीजना अपने पति के लिए सावित्री की तरह अपने पति के लिए भगवान से लड़ रही है।
आपको बता दें कि इंस्टाग्राम पर श्रीजना अपने पति के इलाज को लेकर अपडेट देती रहती थीं। उनके रील्स को लोगों का ढेर सारा प्यार मिला और लोगों ने बिबेक की रिकवरी के लिए भी भगवान से खूब प्रार्थना की। हालांकि वो नहीं बच पाए और अब सोशल मीडिया यूजर्स श्रीजना को लेकर परेशान हैं कि वो इस वक्त किस हालत में होंगी।
बिबेक जॉर्जिया यूनिवर्सिटी में फिजिक्स और खगोल विज्ञान में पीएचडी छात्र थे। शादी के बाद उनकी मां का निधन हो गया था और इसके लिए वो नेपाल अपने घर गए थे। वहीं उन्हें अपने ब्रेन कैंसर के बारे में पता चला था। इसके बाद वो अमेरिका लौटे, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। GoFundMe के माध्यम से लोगों ने उनकी मदद भी करने की कोशिश की।