कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लोकसभा में दिए गए संबोधन को लेकर सदन में ही जबरदस्त हंगामा हुआ। राहुल गांधी के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाषण शुरू किया। उन्होंने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपना भाषण खत्म कर लोकसभा से बाहर जाते समय राहुल गांधी ने महिला सांसदों की तरफ फ्लाइंग किस के इशारे किए। बीजेपी की कई महिला सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ लिखित में लोकसभा अध्यक्ष को शिकायत दी है।
स्मृति ईरानी द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए इस आरोप की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। इस पर लोग अपनी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देते नजर आ रहे हैं। इसी बीच जाने माने एक्टर प्रकाश राज ने इस मुद्दे पर रिएक्ट किया है। उन्होंने स्मृति ईरानी पर भड़कते हुए ट्वीट किया है।
प्रकाश राज ने अपने ट्वीट में क्या लिखा
साउथ से बॉलीवुड तक में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर प्रकाश राज ने स्मृति ईरानी का संसद में भाषण देने के दौरान का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ‘प्राथमिकताएं… मैडम जी फ़्लाइंग किस से नाराज़ हैं.. लेकिन जो मणिपुर की महिलाओं के साथ हुआ उससे नहीं।’
जो वीडियो प्रकाश राज ने शेयर किया है, उसमें स्मृति ईरानी कहती हुई नजर आ रही हैं कि ‘मुझे एक बात पर आपत्ति है। जिसे मुझसे पहले बोलने का मौका दिया गया, उसने जाने से पहले अभद्रता की है। महिलाओं के प्रति इस प्रकार का आचरण देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। ये किस खानदान के लक्षण हैं। ये देश देख रहा है।’
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
प्रकाश राज के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। विवेक नाम के यूजर ने लिखा कि ‘संसद आंख मारने या फ्लाइंग किस देने की जगह नहीं है, हो सकता है कि आप अपने जीवन में ऐसी चीजों से परिचित हों लेकिन लोकतंत्र के मंदिर में व्यक्ति को शालीनता से व्यवहार करना चाहिए।’ चंदन नाम के यूजर ने लिखा कि ‘मणिपुर बात ना करनी पड़े इसलिए फ्लाइंग किस से आहत होने का ढोंग करना पड़ रहा है।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘मणिपुर की बात छोड़ के सब चीज का मुद्दा बीजेपी उठाती है संसद में।’