‘अर्थ’ हिंदी फिल्म जगत की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। इस फिल्म को महेश भट्ट ने अपनी निजी जिंदगी से मिले अनुभवों के आधार पर बनाया था। अर्थ की रिलीज से पहले तक महेश भट्ट को सफल निर्देशक नहीं माना जाता था लेकिन इस फिल्म ने उन्हें बड़ा डायरेक्टर बना दिया। इस फिल्म में शबाना आजमी, स्मिता पाटिल और कुलभूषण खरबंदा ने बेहतरीन काम किया। स्मिता पाटिल ने फिल्म में परवीन बॉबी का किरदार निभाया था। शूट के वक्त स्मिता पाटिल का किरदार काफी अहम था और वो उससे खुश भी थीं।
लेकिन जब फिल्म की एडिटिंग शुरू हुई तो स्मिता पाटिल के कई महत्वपूर्ण सीन काट दिए गए। महेश भट्ट उन्हीं दिनों परवीन बॉबी से अलग होकर अपनी पत्नी और बच्चों के पास वापस लौटे थे। वो इस फिल्म के जरिए ये संदेश देना चाहते थे कि एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का अंत कितना दर्दनाक होता है। इसी कारण फिल्म में शबाना आज़मी के किरदार को ज्यादा महत्व दिया गया और उनकी फुटेज भी स्मिता पाटिल के मुकाबले काफी अधिक रखी गई।
जब फिल्म की रिलीज़ के बाद स्मिता पाटिल ने फिल्म देखी तो महेश भट्ट से उनकी अनबन हो गई। फिल्म जैसे शूट की गई थी, एडिटिंग के बाद उसकी थीम में काफी कुछ बदल चुका था। इस बात से नाराज़ स्मिता पाटिल ने महेश भट्ट से बातचीत बंद कर दी थी। स्मिता पाटिल और महेश भट्ट में लंबे समय तक अनबन रही हालांकि बाद में दोनों के बीच सबकुछ सामान्य हो गया था।
स्मिता पाटिल की खुद की ज़िंदगी भी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आसपास घूमती रही। वो शादीशुदा राज बब्बर के साथ रिलेशनशिप में थीं। राज बब्बर अपनी पत्नी नादिरा बब्बर और बच्चों को छोड़ स्मिता के पास रहने भी लगे थे। स्मिता पाटिल के घरवालों ने इस बात की इजाज़त भी दे दी थी कि अगर राज अपनी पहली पत्नी को छोड़ देते हैं तो स्मिता उनसे शादी कर लेंगी।
लेकिन जब स्मिता ने शादी की बात छेड़ी तो राज बब्बर ने इनकार कर दिया था। स्मिता पाटिल की छोटी बहन मान्या पाटिल ने बताया था कि जब राज बब्बर ने स्मिता से शादी से इनकार कर दिया तो वो बेहद अपमानित महसूस करने लगीं थीं। वो राज बब्बर से अलग हो गईं। उसी दौरान स्मिता पाटिल गर्भवती भी थी। उन्होंने अपने बच्चे को जन्म दिया और उसके 15 दिनों बाद ही स्मिता पाटिल का निधन हो गया था।