अनुभवी फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का 23 दिसंबर को निधन हो गया था। 24 दिसंबर को उनका अंतिम संस्कार हुआ। जिसमें परिवार के अलावा उनके साथ काम कर चुके लोग और दोस्त शामिल हुए। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान में राजकीय सम्मान और तीन बंदूकों की सलामी के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

1970 के दशक के दौरान भारत में पैरेलल सिनेमा मूवमेंट के अग्रणी माने जाने वाले बेनेगल के अंतिम संस्कार में नसीरुद्दीन शाह, कुलभूषण खरबंदा, बोमन ईरानी, ​​​​नंदिता दास, इला अरुण, दिव्या दत्ता और श्रेयस तलपड़े सहित कई कलाकार शामिल हुए। जिन्होंने उनकी फिल्मों में भी काम किया है।

सिनेमैटोग्राफर से निर्देशक बने गोविंद निहलानी, जिन्होंने बेनेगल द्वारा निर्देशित कई फिल्मों में काम किया, वो भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। फिल्म इंडस्ट्री की प्रमुख हस्तियां जैसे रोनी स्क्रूवाला, गुलज़ार और हंसल मेहता भी बेनेगल को विदाई देने पहुंचे। इनके साथ रत्ना पाठक शाह, रजित कपूर, राजेश्वरी सचदेव, मनमोहन शेट्टी और प्रीति सागर भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

बेनेगल के परिवार में उनकी पत्नी नीरा बेनेगल और बेटी पिया बेनेगल हैं। इनके अलावा उनके एक पब्लिशर और एक कॉस्ट्यूम डिजाइनर भी उनके बेहद करीब थे।

श्याम बेनेगल का जन्म 14 दिसंबर, 1934 को हैदराबाद में हुआ था। बता दें कि बेनेगल फिल्म निर्माता गुरु दत्त के रिश्तेदार थे और हमेशा से फिल्म निर्माता बनना चाहते थे। उन्होंने 1950 के दशक में उस्मानिया विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की थी।

कैसे हुआ निधन?

बता दें कि श्याम बेनेगल लंबे समय से बीमार थे उन्हें क्रोनिक किडनी की बीमारी थी, जिसके कारण 90 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। श्याम बेनेगल की बेटी प्रिया ने इंडियन एक्सप्रेस को उनकी मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया था कि उनका निधन 23 दिसंबर की शाम करीब 6:30 हुआ। वह मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।