90 के दशक में एक गाना आया था, जिसकी चर्चा आज भी होती है। उस गाने का टाइटल ‘छैया छैया’ था। अब गाने का नाम सुनने के बाद आंखों के सामने जो तस्वीर बनती है वो किसी और की नहीं बल्कि चलती ट्रेन पर मलाइका अरोड़ा और शाहरुख खान की डांस परफॉर्मेंस की होती है। दुबली पतली से मलाइका और शाहरुख इस गाने में नजर आते हैं। इनकी जोड़ी ने गाने में फैंस का दिल ही जीत लिया था। मलाइका ने इस गाने पर अपनी पतली कमर लचकाकर स्क्रीन पर अलग छाप छोड़ी थी। लेकिन, क्या आपको पता है कि मलाइका इस गाने के लिए मेकर्स की पहली पसंद नहीं थीं। बल्कि उनसे पहले ये गाना शिल्पा शिरोडकर को ऑफर हुआ था? अगर नहीं पता तो चलिए आपको बताते हैं इस किस्से के बारे में कि कैसे क्या हुआ था, जो ये मलाइका की झोली में जा गिरा था।
दरअसल, 90 के दशक की ब्यूटीफुल एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर इन दिनों ‘बिग बॉस 18’ में नजर आ रही हैं। ऐसे में इसी से एक्ट्रेस का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो ‘छैया छैया’ गाने की चर्चा करते हुए नजर आ रही हैं। इसमें उन्हें दावा करते हुए देखा गया कि ये गाना पहले उन्हें ऑफर किया गया था लेकिन फराह खान ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया था। वो करण वीर मेहरा और चुम दरांग के साथ बात कर रही होती हैं। इस दौरान मलाइका के इस हिट गाने के बारे में बात करती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें फराह ने ‘छैया छैया’ के लिए कॉल किया था।
शिल्पा बताती हैं कि फराह खान ने उन्हें इस गाने के लिए अपना वजन भी कम करने के लिए कहा था। ताकि वो गाने को जस्टिफाई कर सकें। एक्ट्रेस बताती हैं कि वो उस समय मोटी थीं और गाना उन्हें जल्दी करना था। ऐसे में वो इस गाने में फिट नहीं बैठीं तो फिर फराह खान ने मलाइका को इसके लिए चुना। अंत में शिल्पा शिरोडकर ये भी कहती हैं कि जो होता है अच्छे के लिए होता है। वो कहती हैं कि उस समय उन्होंने गाना तो नहीं किया लेकिन उन्होंने बहुत अच्छी फिल्म्स में काम किया।
आपको बता दें कि फराह खान 7 दिसंबर को ‘बिग बॉस 18’ के एपिसोड को होस्ट करने के लिए आई थीं। सलमान खान अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग में बिजी हैं तो उनकी इस जगह को फिल करने के लिए वो इस शो में आई थीं।
इस फिल्म का गाना है ‘छैया छैया’
इसके अलावा अगर सॉन्ग ‘छैया छैया’ की बात की जाए तो ये गाना शाहरुख खान की फिल्म ‘दिल से’ का है। इस फिल्म को साल 1998 में रिलीज किया गया था। इसमें उनके साथ प्रीति जिंटा और मनीषा कोइराला ने लीड रोल प्ले किया था। ये एक लव स्टोरी क्राइम थ्रिलर फिल्म है। इसका निर्देशन मणि रत्नम ने किया था। ये फिल्म उस साल की हिट फिल्मों में से एक रही थी।
शिल्पा शिरोडकर से जुड़ी आपने ये खबर तो पढ़ ली। इसके साथ ही आप उनके बारे में एक और खबर पढ़ सकते हैं कि एक्ट्रेस काम के लिए तरस गई थीं और कोई उनका फोन तक नहीं उठाता था। इसके बारे में शिल्पा ने खुद बताया था।
