अभिनेता कमाल आर. खान यानी केआरके की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले अभिनेता को अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी’ पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब उनपर एक एक्ट्रेस से छेड़छाड़ का आरोप लगा है और वर्सोवा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

केआरके पर नए आरोप के बीच अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा उनके समर्थन में सामने आए हैं और उन्होंने केआरके की गिरफ्तारी को एक साजिश बता दिया है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने किया केआरके को सपोर्ट

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि किसी को ये बात नहीं भूलनी चाहिए कि तमाम विरोधियों और संघर्षों के बावजूद कमाल राशिद खान ने अपना मुकाम खुद बनाया है, वह एक सेल्फ मेड मैन हैं। उन पर ईश्वर का आशीर्वाद है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ समाज में भी अपनी मेहनत के दम पर अपनी एक अलग जगह बनाई है। उनकी सबसे बड़ी संपत्ति उनका आत्मविश्वास है। वह बिना किसी पक्षपात के निडर होकर अपनी बात कहते हैं।

किसी साजिश का शिकार हुए हैं केआरके

शत्रुघ्न ने लिखा, केआरके तमाम बाधा और विरोध के बावजूद अपनी बात कहने से नहीं कतराते हैं। उन्हें कानून के दायरे में रहकर अपनी कोई भी बात कहने का पूरा-पूरा अधिकार है, चाहे लोग स्वीकार करें या ना करें।

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि ऐसा लगता है कि वह किन्हीं परिस्थितियों की साजिश का शिकार हुए हैं। भगवान उन पर कृपा बनाए रखे। मैं उम्मीद करता हूं और ये दुआ करता हूं कि कमाल राशिद खान को जल्द से जल्द न्याय मिले जिसके वह हकदार हैं।

केआरके को क्यों किया गया गिरफ्तार

कमाल आर. खान के वकील के अनुसार उन्हें बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म लक्ष्मी और एक फिल्म निर्माता के खिलाफ ट्वीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस ने एक एक्ट्रेस की शिकायत पर उन्हें हिरासत में लिया है। यह मामला भी पुराना है। एक्ट्रेस का आरोप है कि केआरके ने उनका यौन उत्पीड़न किया।