भोजपुरी की लोक गायिका बिहार कोकिला कही जाने वाली सिंगर शारदा सिन्हा (Sharda Sinha) अपनी हेल्थ को लेकर चर्चा में हैं। 25 अक्टूबर को उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में एडमिट करवाया गया था। उनकी तबीयत में स्थिर थी। लेकिन बीते दिन ही अचानक से उनकी एक बार फिर से तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। उनकी हालत की जानकारी पीएम मोदी ने भी फोन करके ली है। साथ ही शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान सिन्हा लगातार मां से जुड़े अपडेट्स शेयर कर रहे हैं। ऐसे में आपको शारदा सिन्हा के उस किस्से के बारे में बता रहे हैं, जब उनकी सास गायिकी के खिलाफ खड़ी हो गई थीं और खाना-पीना तक छोड़ दिया था।

शारदा सिन्हा आज भले ही लोकप्रिय हैं लेकिन, अगर उनके ससुर साथ ना देते तो वो शायद ही इंडस्ट्री में इतनी लोकप्रिय हो पातीं। इस बात का जिक्र उन्होंने एक बार खुद लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में किया था। शारदा सिन्हा ने बताया था कि उन्होंने बहुत मुश्किलें झेली थीं। लोक गायिका ने कहा था कि उनकी शादी के बाद घर के लोगों ने बहुत विरोध किया था। जब सिंगर ने कहा था कि वो गाना गाएंगी तो उनकी सास ने तीन चार दिन तक खाना ही नहीं खाया था।

ससुर ने किया सपोर्ट तो नाराज हुई थीं सास

शारदा सिन्हा ने आगे बताया था कि उनके ससुर जी को कीर्तन से प्यार था और वो चाहते थे कि उनकी बहू ठाकुरबाड़ी में भजन गाएं। उन्होंने शारदा से भी इस बात का जिक्र किया था। लेकिन, उनकी सास इस बात से काफी नाराज हुई थीं और उन्हें (ससुर) डांट भी लगाई थी कि वो मन बढ़ा देते हैं। बिहार कोकिला ने बताया था कि उन्हें तो गाने का मौका चाहिए थे। इस पर उन्होंने कहा कि सास खाना खाएं या ना खाएं वो अपने ससुर के पीछे हो गईं।

फिर ऐसे कम हुआ था सास का गुस्सा

शारदा सिन्हा ने इस बातचीत में आगे ये भी बताया कि कैसे उनका गुस्सा कम हुआ था। सिंगर ने बताया था कि उन्होंने भजन गाया सभी को बहुत पसंद आया लेकिन उनकी सास का गुस्सा कम नहीं हुआ। उनकी नाराजगी कम नहीं हुई थी। फिर जब उनकी सास को लोगों ने कहना शुरू किया और उनकी तारीफ की तो जाकर सास का गुस्सा कम हुआ था। आपको बता दें कि शारदा सिन्हा का गायिकी में करियर बनाने के लिए उनके पति ने शुरू से अंत तक साथ दिया था। पति के सपोर्ट से उन्होंने गाना जारी रखा था और आज वो छठ के गीतों के लिए सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं।

पहली बार सलमान खान की फिल्म में गाया था गाना

आपको बता दें कि शारदा सिन्हा ने अपने करियर में भोजपुरी सहित मैथिली जैसी लोक भाषाओं में भी गाना गा चुकी हैं। छठ गीतों और गायिकी के अलावा सिंगर डांसिंग में भी पारंगत हैं। उन्होंने मणिपुरी नृत्य में शिक्षा ली है। इसके अलावा शारदा सिन्हा को उनके योगदान के लिए बिहार गौरव, भोजपुरी कोकिला, बिहार रत्न, भिखारी ठाकुर सम्मान, मिथिला विभूति सहित कई अन्य सम्मानों के साथ पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। साल 1991 में उन्हें पद्मश्री मिला था।

शारदा सिन्हा ने बॉलीवुड फिल्मों के लिए भी गाने गाए हैं। पहली बार उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में गाना गाया था। वहीं, गैंग्स ऑफ वासेपुर में उनका गाना ‘तार बिजली से पतले हमारे पिया’ काफी लोकप्रिय हुआ था।

Screen
Screen

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान को फोन किया और उनकी हालत की जानकारी ली। अंशुमान ने वीडियो जारी करके बताया कि पीएम मोदी ने उनसे मां का हाल लिया साथ ही दिल्ली एम्स के डायरेक्टर से भी बात की। साथ ही हर जरूरी सुविधाएं देने का आश्वासन भी दिया। इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।