शाहरुख खान ने हर त्योहार की तरह 15 अगस्त को भी पूरे सम्मान के साथ मनाया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर अपने बंगले मन्नत में तिरंगा फहराया। एक्टर ने ट्विटर पर अपने परिवार के साथ एक तस्वीर और एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह मन्नत की छत पर झंगा फहराते नजर आ रहे हैं। इसका श्रेय शाहरुख ने अपने बेटे अबराम को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे ने घर पर ये परंपरा शुरू की है।
ट्विटर पर वीडियो और तस्वीर शेयर करते हुए शाहरुख खान ने लिखा,”छोटे बच्चे ने इसे परंपरा बना दिया है। हमारे प्यारे तिरंगे को फहरा रहे हैं और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। सभी को प्यार और हमारा देश, भारत समृद्ध हो और हम सभी इसके साथ हों।” वीडियो में शाहरुख खान के साथ उनका बेटा, पत्नी गौरी खान और स्टाफ मेंबर्स नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही शाहरुख की फिल्म Swades का गाना भी बैकग्राउंड में बज रहा है।
बेटी ने भी मनाया स्वतंत्रता दिवस
शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान को भी मुंबई के एक रेस्तरां में देखा गया। जहां उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘द आर्चीज़’ के कलाकारों के साथ एक चैरिटी कार्यक्रम में भाग लिया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
शाहरुख खान फिलहाल अपनी अगली रिलीज ‘जवान’ का इंतजार कर रहे हैं, जो 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। एटली निर्देशित इस फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति, सान्या मल्होत्रा, प्रियामणि, रिद्धि डोगरा जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण का स्पेशल अपीयरेंस होगा। इसके बाद वह राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘डंकी’ में नजर आएंगे। फिल्म में तापसी पन्नू भी हैं।
ये फिल्म शाहरुख की इस साल की दूसरी रिलीज होगी। इससे पहले खान की ‘पठान’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया था। फिल्म फिलहाल इस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म रही है।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े और इसे सिल्वर स्क्रीन पर शाहरुख खान की बड़ी वापसी के रूप में देखा गया क्योंकि अभिनेता 2018 की जीरो के बाद से किसी भी मुख्य भूमिका में नजर नहीं आए थे।