सौरभ शुक्ला (Saurabh Shukla) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने फिल्मी जगत के गलियारों में अपनी एक पहचान बनाई है। वो अपने दमदार अभिनय और कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों में आपने ज्यादातर उन्हें सपोर्टिंग कैरेक्टर में देखा होगा लेकिन, कई बार तो वो जबरदस्त अभिनय की वजह से लीड एक्टर पर भी भारी पड़ जाते हैं। ‘बर्फी’ और ‘जॉली LLB’ जैसी फिल्मों में काम कर उन्होंने काफी पॉपुलैरिटी हासिल की है। ये सारी बातें उनके जन्मदिन के मौके पर बता रहे हैं। उनके बारे में बहुत कम लोग ही जानते हैं कि उन्होंने एक्टिंग के लिए थिएटर नहीं ज्वॉइन किया था बल्कि वो गर्लफ्रेंड के लिए यहां आए थे। ऐसे में चलिए आपको इस दिलचस्प किस्से के बारे में बताते हैं।

सौरभ शुक्ला आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 5 मार्च, 1963 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था। हालांकि, उनकी परवरिश और पढ़ाई-लिखाई दिल्ली में हुई थी। बताया जाता है कि जब वो दो साल के थे तो उनका पूरा परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। वो दिल्ली के खालसा कॉलेज से पढ़े हैं। उन्होंने सिनेमा जगत को पूरे 40 साल दिए हैं। बचपन से ही उन्हें एक्टिंग में शौक रहा था और 1984 में थिएटर ज्वॉइन किया था। एक्टिंग उन्हें भले ही शौक था लेकिन, उन्होंने थिएटर गर्लफ्रेंड के लिए ज्वॉइन किया था। इस किस्से के बारे में उन्होंने खुद बताया था।

सौरभ ने एक इंटरव्यू में इस किस्से के बारे में बताया था। उन्होंने खुलासा किया था कि वो थिएटर में क्यों आए थे। एक्टर का कहना था कि वो अक्सर थिएटर के सामने से गुजरा करते थे। वहां बहुत खूबसूरत लड़कियां आती थीं जबकि लड़के उतने अच्छे नहीं होते थे। ऐसे में उन्हें लगा कि यहां उनका चांस भी लग सकता है। उनके थिएटर में आने की सबसे बड़ी वजह यही मानी जाती है। लेकिन, एक्टिंग में इंटरेस्ट होने के नाते वो यहां टिक गए और एक्टिंग के गुर सीखे। लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में एक्टर ने बताया था कि उन्हें प्रतिभावन महिलाएं शुरू से ही बहुत पसंद रही हैं।

‘बैंडिट क्वीन’ से मिला ब्रेक

सौरभ शुक्ला को बॉलीवुड में ब्रेक फिल्ममेकर शेखर कपूर ने दिया था। उनकी पहली फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ थी। उन्हें ये फिल्म तब मिली थी जब वो NSD में नौकरी करने लगे थे। यहां उन्हें 4000 रुपए मिला करते और दिल्ली में वो बहुत ही खुश थे। यहीं पर उनकी मुलाकात एक प्ले के दौरान शेखर कपूर से हुई थी। सौरभ से मिलने के बाद शेखर ने ‘बैंडिट क्वीन’ में रोल लिखवाया और उन्हें काम करने का मौका दिया। इस मूवी में काम करने के लिए वो पहली बार मुंबई आए थे। सौरभ को पहचान फिल्म ‘सत्या’ से मिली थी। इसमें वो ‘कल्लू मामा’ का किरदार निभाकर चर्चा में आए थे। इतना ही फिल्म के को-राइटर भी वही थे। इसके बाद उन्होंने ‘बर्फी’, ‘ओएमजी’ और ‘जॉली एलएलबी’ जैसी फिल्मों में काम किया था।