Saroj Khan passes away: सरोज खान (Saroj Khan) अब हमारे बीच नहीं रही हैं। सरोज खान का कार्टियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया है। इस बीच दिव्या खोसला कुमार ने सरोज खान के साथ स्टेज पर डांस करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। इन वीडियो में सरोज खान दिव्या संग उसके रीमिक्स सॉन्ग ‘याद पिया की आने लगी’ पर डांस स्टेप्स कर रही थीं। इस वीडियो की खास बात यह है कि डांस के दौरान अपनी उम्र के कारण सरोज खान आखिर में लड़खड़ा गई थीं लेकिन फिर भी उन्होंने डांस करना जारी रखा।
दिव्या खोसला द्वारा शेयर किया गया ये वीडियो मार्च 2020 में हुए आईकॉनिक वीमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड शो का है। जहां सरोज खान को फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया था। इस इवेंट के बाद सरोज खान किसी और सार्वजनिक शो में नजर नहीं आई थीं। कार्डियक अरेस्ट के चलते शुक्रवार देर रात 71 साल की उम्र में सरोज खान ने दुनिया को अलविदा कह दिया है।
सरोज ने देर रात 1 बजकर 52 मिनट पर अंतिम सांस ली। इससे पहले तबीयत बिगड़ने के बाद 17 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित एक हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद यहां लाया गया था। हॉस्पिटल में भर्ती के बाद उन्होंने कोरोना संक्रमण की जांच भी कराई थी। हालांकि उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
बॉलीवुड में सरोज खान का करियर बेहद लंबा रहा। उन्होंने 3 साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था। इस बीच उन्होंने फिल्मों में भी काम किया। लेकिन बाद में डांस को अपनी जिंदगी बना लिया। सरोज खान का बॉलीवुड इंडस्ट्री में योगदान कोई भुला नही सकता है। सरोज खान ने कुछ अलग करने की चाह से सभी को मोटिवेट भी किया था।
वहीं सरोज खान के करियर में माधुरी दीक्षित ऐसी सितारा रहीं जिनके साथ ऑडियंस ने उनका काम खूब सराहा औऱ उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई। माधुरी दीक्षित का भी सरोज खान के साथ खासा लगाव था जिसके चलते वो हमेशा सरोज खान की तारीफ करती रहती थीं।