Saif Ali Khan Case Updates: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इस समय काफी चर्चा में बने हुए हैं। 16 जनवरी को एक्टर पर उनके बांद्रा वाले घर में एक शख्स ने घुस के चाकू से हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करते हुए एक्टर को काफी गंभीर चोटें आई और फिर उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। इसके बाद रविवार सुबह पुलिस ने एक्टर पर हमला करने वाले शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार कर लिया।
फिर शरीफुल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने कहा कि वह बांग्लादेशी नागरिक है, जो यहां अवैध तरीके से रह रहा है। हालांकि, आरोपी के वकील ने इस बात से इनकार कर दिया। वहीं, अब सैफ अली खान के हमलावर के बांग्लादेशी होने के सबूत मिले हैं। पुलिस को आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस मिला है।
पुलिस को मिले शरीफुल के खिलाफ सबूत
दरअसल, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद का बांग्लादेशी आईडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिला है, जिसमें उसका नाम शरीफुल इस्लाम लिखा गया है। वहीं, पिता का नाम मोहम्मद रुहुल अमीन है और उम्र 31 साल लिखी हुई है।
मुंबई में अवैध रूप से रहता था आरोपी
मुंबई पुलिस ने आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया था। वो मुंबई में अपना नाम विजय दास रखकर अवैध रूप से रहा था। बता दें कि शरीफुल बांग्लादेश के बरिशाल शहर का रहने वाला है और लगभग पिछले 5-6 महीने से मुंबई में रह रहा था। आरोपी मुंबई में एक हाउस कीपिंग एजेंसी से जुड़कर छोटे-मोटे काम करता था।
नदी पार करके आया था भारत
मुंबई पुलिस के मुताबिक, शरीफुल अवैध रूप से दावकी नदी पार करके भारत में दाखिल हुआ था। शरीफुल बांग्लादेश से पहले कोलकाता गया और वहां वह कुछ दिन रहने के बाद काम की तलाश में मुंबई आ गया। यहां आने के बाद उसने एक स्थानीय व्यक्ति के आधार कार्ड का इस्तेमाल करके सिम कार्ड लिया, जिसमें उसका नाम ‘खुकुमोनी जहांगीर सेखा’ रजिस्टर्ड था।
बता दें कि सैफ अली खान पर हमला होने के बाद तैमूर की एक्स नैनी ललिता ने भी इस पर अपना रिएक्शन दिया है। इस खबर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।