‘महाभारत’ दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला शो हुआ करता था। जिसे लोग आज भी याद करते हैं। इसमें काम किया हर कलाकार अब भी महाभारत के किरदार के नाम से ही जाना जाता है। उन्हीं में से एक हैं कोलकाता में जन्मी 55 वर्षीय रूपा गांगुली, जिन्होंने महाभारत में द्रौपदी का रोल किया था। तीन दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी रूपा के मन में सारी यादें आज भी ताजा हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि मेकअप आर्टिस्ट को उन्हें द्रौपदी बनाने में पूरे डेढ़ घंटे लगते थे। उनके लंबे बाल थे और उन्हें विशेष तरह के कपड़े पहनने होते थे, जिसके लिए उन्हें तैयार करने में वक्त लगता था। इसके लिए इसके लिए उन्हें हर सुबह जल्दी फिल्म सिटी पहुंचना पड़ता था।
एक्ट्रेस ने बताया कि 80 के दशक में आई महाभारत के शूट में वो इतनी व्यस्त हुआ करती थीं, कि टीवी पर कभी देख ही नहीं पाती थीं। लेकिन कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन के वक्त जब रामायण और महाभारत का दोबारा प्रसारण हुआ, तब उन्होंने इसका आनंद लिया।
उन्होंने इस टीवी सीरियल में काम करने की खुशियों और चुनौतियों को साझा किया है। जो उनके लिए काफी खास है। महाभारत को याद करते हुए रूपा ने कहा कि इससे उनकी तरह ही कई कलाकारों को पहचान और नया नाम मिला है। बता दें कि एक्ट्रेस अब राजनीति में कदम रख चुकी हैं। वर्तमान में वो भाजपा सांसद हैं। राज्यसभा में उन्हें खुलकर बोलते हुए देखा जाता है।
आपको बता दें कि निर्माता-निर्देशक बी आर चोपड़ा और रवि चोपड़ा ने महाभारत को दर्शकों तक पहुंचाया था। उस जमाने में बच्चे से लेकर बूढ़ा तक हर रविवार सुबह इसका इंतजार किया करता था। बता दें कि इस धारावाहिक में द्रौपदी के किरदार में गांगुली ने अपने दमदार संवाद और भावपूर्ण अभिनय से सभी उम्र के दर्शकों का प्यार पाया। रूपा गांगुली की मानें तो रामायण और महाभारत जैसी कथाएं हमारी और पूरे भारत की धरोहर हैं।
गौरतलब है कि साल 2015 में जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। उस वक्त उनके पास 10-15 प्रोजेक्ट में काम करने का मौका था। लेकिन वो खुद को जन सेवा में समर्पित करना चाहती थीं, जिसके लिए उन्होंने वो ऑफर नहीं लिए।