बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिय़ा है। उनके वीआरएस लेते ही उनपर फिल्माया गाना ‘रॉबिनहु़ड बिहार के’ यूट्यूब पर रिलीज किय़ा गया। ये गाना बिग बॉस (Bigg Boss) के एक्स कंटेस्टेंट दीपक ठाकुर ने बनाया है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। ‘रॉबिनहुड बिहार के’ गाने में डीजीपी गुप्तेश्वर और दीपक ठाकुर दोनों नजर आ रहे हैं। इस गाने में इस बात का भी जिक्र है कि गुप्तेश्वर पांडेय ने किस तरह सुशांत सिंह राजपूत केस की कमान अपने हाथ में ली थी।
गाने की शुरुआत इस लाइन से होती है कि डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के नाम से किस तरह बिहार में मुजरिम और अपराधी थर-थर कांपते हैं। गाने को लिखा, बनाया और गाया दीपक ठाकुर ने है। संगीत निखिल शांतनु का है। गाने को डायरेक्ट अभय शांतनु ने किया है। बता दें, सुशांत सिंह राजपूत केस में तत्कालीन डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय काफी चर्चा में रहे थे। उनकी शिवसेना नेता संजय राउत से जुबानी जंग भी सुर्खियां बनी थी।
इसी बीच उन्होंने अपना पद छोड़ते हुए वीआरएस ले लिया है। गुप्तेश्वर पांडेय लगातार महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस की आलोचना करते दिखाई दे रहे थे और सियासी बयान दे रहे थे। इसी बीच यह संभावना जताई जा रही थी कि वे बिहार चुनाव लड़ सकते हैं।
खबरों के मुताबिक पांडेय आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में बक्सर सीट से मैदान में उतर सकते हैं। वे 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। इससे पहले साल 2009 में भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने वीआरएस ले लिया था। हालांकि बाद में राज्य सरकार ने उन्हें बहाल कर दिया था।