बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का 1 जुलाई को जन्मदिन है। रिया 30 साल की हो गई हैं। वह इस वक्त MTV Roadies S19 में नजर आ रही हैं। लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब वह इस लाइमलाइट की दुनिया से कोसों दूर थीं। वह वक्त था सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद का। जब एक्ट्रेस पर कई गंभीर आरोप लगे थे और इसके चलते उन्हें जेल जाना पड़ा था। रिया पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने और उन्हें ड्रग्स देने का आरोप लगा था।
28 दिनों तक भायखुला जेल में थीं रिया
रिया को भायखुला जेल में रखा गया था। वहीं भीमा कोरेगांव मामले में आरोपी मानवाधिकार वकील सुधा भारद्वाज को भी रखा गया था। सुधा ने मीडिया से बात करते हुए रिया चक्रवर्ती के बारे में बताया। उन्होंने बताया था कि कैदियों के साथ रिया का बर्ताव कैसा था।
सुधा ने बताया था कि रिया को कैदी बहुत पसंद किया करते थे, क्योंकि वह अन्य कैदियों के साथ मिल जुलकर रहती थीं। वह आम लोगों की तरह काम करती थीं और अच्छे से रहती थीं। जिस दिन उन्हें जेल से रिहा किया गया था,सारे कैदी उन्हें छोड़ने गेट तक गए थे। रिया के पास जो भी पैसे थे रिया ने उनकी मिठाई मंगवाकर कैदियों की खिलाई थी।
हाल ही में रिया ने सुनाई आपबीती
इस वक्त रिया रोडीज में लीड कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने ऑडिशन के लिए आई एक लड़की को आपबीती सुनाई। रिया ने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें बहुत कुछ झेलना पड़ा था। लोग उन्हें बहुत भला बुरा कहते थे और उन्हें कई नाम भी दिए गए थे। लेकिन वह उनकी बातों पर ध्यान न देते हुए आगे बढ़ीं।
रिया ने कहा था,”बहुत सारे लोग बहुत कुछ कहते हैं। लोगों ने मुझे भी बहुत कुछ बोला है, कई तरह के नाम से मुझे बुलाया है। लेकिन क्या मैं उनकी वजह से वो चीज मानूंगी? क्या मैं उनके वजह से अपनी लाइफ में रुकूंगी? बिल्कुल भी नहीं।”