भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी ने हाल ही में भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर बड़ी बात कही है। रानी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उन्होंने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी पुरानी फिल्म के गाने का एक वीडियो शेयर किया है। जिसके कैप्शन में एक्ट्रेस ने इंडस्ट्री के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया है।

ऐसे जताई नाराजगी: रानी ने लिखा,” गोल्डन समय, ये वो वक्त था जब टैलेंटेड लोगों को काम दिया जाता था। फिल्मों के गाने हमेशा खूबसूरत बनाए गए हैं। हमने भोजपुरी फिल्मों को सिनेमा हॉल तक पहुंचाने के लिए मेहनत की। अब मेहनत हो रही है सिनेमा हॉल से यूट्यूब पर लाने की। ये दौर अब नहीं आएगा, क्योंकि अब काम को नहीं चमचागिरी को ज्यादा महत्त्व दिया जाता है। लोग लाख कहें कि कॉन्टेंट बहुत अच्छा आ रहा है। वो कॉन्टेंट किस काम का जब उसे देखने के लिए दर्शक हॉल में ना जाएं।”

रानी के इस पोस्ट पर तमाम लोग कमेंट्स कर रहे हैं। मनीष नाम के यूजर ने लिखा,”बिल्कुल सही बात कह रहे हैं।” मनीष सिंह ने लिखा,” आपने गोल्डन खुद को बनाया है और बाकी तो लोगों का प्यार है।” राहुल सिंह ने लिखा,”मैडम अभी के समय के हिसाब से बहुते शानदार गीत है।”

आपको बता दें रानी चटर्जी भोजपुरी इंडस्ट्री का वो नाम हैं, जो अपनी बात को हमेशा खुलकर रखती हैं। रानी को उनकी एक्टिंग के साथ-साथ गजब के डांस के लिए भी जाना जाता है। रानी अपनी फिटनेस पर काफी काम करती हैं।

वो इंस्टाग्राम पर अपने वर्कआउट के वीडियो और तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। जिनपर यूजर्स उनकी तारीफ करते हैं और कई बार उन्हें ट्रोलर्स का सामना भी करना पड़ता है। हालांकि रानी ट्रोल करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने में पीछे नहीं हटतीं।

रानी भोजपुरी इंडस्ट्री की हाई पेड एक्ट्रेस में से एक हैं। उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं। रानी चटर्जी ने साल 2004 में अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्म ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ में डेब्यू किया था। जिसमें वो मनोज तिवारी के साथ नजर आई थीं। उनकी ये फिल्म हिट हुई थी और फिल्म ने धमाकेदार कमाई की थी।