उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर करोड़ों के गबन के आरोप लगे हैं। आरोप है की ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने 2 करोड़ की जमीन को 10 मिनट के अंदर ही 18. 5 करोड़ में खरीदा। इस मामले को लेकर बीजेपी की सरकार विपक्षी पार्टियों के निशाने पर है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले पर खूब चर्चा कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी की मांग भी कर रहे हैं जिनमें महाभारत में काम कर चुके अभिनेता गजेंद्र चौहान भी शामिल हैं।

बता दें कि कथित घोटाले का खुलासा आप नेता संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया था। इसी बात को लेकर ट्विटर पर एक धड़ा उनसे नाराज़ है कि उनकी पार्टी साजिश कर रही है और झूठे आरोप लगा रही है। ट्विटर पर ‘संजय सिंह को गिरफ्तार करो’ का ट्रेंड भी चल रहा है।

इसी ट्रेंड का हैशटैग इस्तेमाल कर गजेंद्र चौहान ने ट्वीट किया, ‘भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के विषय में आप तो रावण निकले। #संजय_सिंह_ को_ गिरफ्तार_ करो।’ उनके इस ट्वीट पर यूजर्स की भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

 

पंकज अवस्थी नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘कार सेवकों पर गोलियां चलवाने वाले, भगवान राम को गालियां देने वाले, हिंदुओं को आतंकवादी कहने वाले, राम मंदिर के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक केस लड़ने वाले, भगवान राम के अस्तित्व पर उंगली उठाने वाले आज राम भक्त बन रहे हैं।’ अरविंद कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘बिलकुल सर, गिरफ्तार होना चाहिए। दिल्ली में बच कर बैठे हैं।’

 

सिकंदर वक्त नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘राम नाम की लूट मची है, जिसे लूटना है, लूट लो।’ संजीव गुप्ता नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘जो राम मंदिर के चंदा और जमीन खरीद में घोटाला कर सकते हैं, उन्होंने देश के साथ न जाने कैसी-कैसी गद्दारी की होगी।’ अजीत नाम से एक यूजर लिखते हैं, ‘रावण से बड़ा प्रकांड विद्वान कोई नहीं था। आप तो रावण की श्रेणी में भी नहीं आ सकते।’

 

इस मामले को लेकर कांग्रेस के नेताओं की प्रतिक्रिया लगातार सामने आ रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत सभी शीर्ष नेताओं ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और अभिनेता राज बब्बर ने इस मुद्दे पर अपने ट्विटर पर लिखा, ‘एक ही दिन में करोड़ों चपत। कल्पना कीजिए अगर 1990 से मंदिर के नाम पर हुई धन उगाही का हिसाब मांगा जाए तो कैसे कैसे सच सामने आएंगे?’