साउथ एक्टर राम चरण को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता है। एक्टिंग का हुनर उन्हें विरासत में मिला है। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी है। वो भले ही फिल्मी बैकग्राउंड से आते हैं। पिता चिरंजीवी सिनेमा जगत का जाना पहचाना नाम हैं। लेकिन, राम ने इंडस्ट्री में धाक अपने दम पर जमाई है। इस बीच काफी उतार-चढ़ाव रहे। फिल्म हिट भी रही फ्लॉप भी लेकिन कभी हार नहीं मानी। वो काम और मेहनत करते रहे और आज वो इस मुकाम पर हैं कि लोग उनकी एक झलक पाने का इंतजार करते हैं। वो साउथ के ‘ए’ लिस्टर एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हैं लेकिन, क्या आप जानते हैं कि राम चरण बॉलीवुड में भी किस्मत आजमा चुके हैं लेकिन, यहां पहली ही फ्लॉप देने के बाद कभी काम नहीं किया? अगर नहीं जानते तो चलिए बताते हैं राम के करियर ग्राफ के बारे में।
दरअसल, राम चरण आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 27 मार्च, 1985 को चेन्नई में हुआ था। वो 40 साल के हो गए हैं। उनका परिवार तेलुगु इंडस्ट्री का जाना-माना परिवार है। उनके पिता चिरंजीवी साउथ के सुपरस्टार हैं और मां सुरेखा कोनिडेला हैं। वहीं, उनके चाचा पवन कल्याण हैं, जो कि आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और जाने-माने अभिनेता हैं। राम चरण की मां ‘पुष्पा 2’ फेम अल्लू अर्जुन की बुआ लगती हैं और इस लिहाज से दोनों स्टार कजिन हुए। अगर आप देखेंगे तो राम का पूरा परिवार फिल्मों से ही ताल्लुक रखता है और वो पिता की ही इस लेगेसी को आगे बढ़ा रहे हैं। राम चरण एक बेहतरीन एक्टर तो हैं ही साथ ही वो कोनिडेला के नाम से प्रोडक्शन कंपनी भी चलाते हैं। इसकी शुरुआत 2016 में की थी।
राम चरण का फिल्मी करियर
राम चरण भले ही साउथ की मेगा फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। लेकिन, उन्होंने फिल्मों में आने से पहले एक्टिंग गुर और बारीकियों को सीखा है। राम ने फिल्मों में करियर की शुरुआत से पहले मुंबई में पॉपुलर किशोर नमित कपूर के एक्टिंग स्कूल में एडमिशन लिया था। इस एक्टिंग स्कूल से करीना कपूर खान, ऋतिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा जैसे स्टार्स ने एक्टिंग की बारीकियों को सीखा था।
एक्टिंग सीखने के बाद राम चरण के हाथ वो पहला मौका लगा जब उन्होंने फिल्मों में एंट्री की। उनकी पहली फिल्म ‘चिरुथा’ थी, जिसे 2007 में रिलीज किया गया था। इसका निर्माण डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ ने किया था। इस फिल्म से राम ने लोगों को अपनी एक्टिंग और लुक्स से दीवाना बना लिया था। हालांकि, 2009 में फिल्म ‘मगधीरा’ से उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिली थी। लोगों ने इसमें उनके काम को सराहा था। ये फिल्म उस समय की तेलुगु की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस काजल अग्रवाल भी थीं। इसमें राम का डबल रोल था। फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली ने किया था। इस फिल्म ने उस समय साउथ फिल्मफेयर में 6 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स जीते थे। वहीं राम को इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था।
यहां से राम चरण का करियर चल पड़ा और उन्होंने इसके बाद 2010 में ‘ऑरेंज’, 2013 में ‘नायक’, 2018 में ‘रंगस्थलम’ और 2022 में ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया।
बॉलीवुड में दिया फ्लॉप फिर नहीं किया काम
इतना ही नहीं, इसके बाद राम चरण ने साल 2013 में बॉलीवुड में कदम रखा। लेकिन, यहां वो साउथ फिल्मों के जैसा नाम नहीं कमा पाए। उन्होंने अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म ‘जंजीर’ के रीमेक से करियर की शुरुआत की लेकिन, इससे वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। इसमें उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और संजय दत्त भी लीड रोल में थे। बॉलीवुड के दो बड़े स्टार्स होने के बावजूद भी उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पीटी थी। आलम ये था कि फिल्म बजट के जितनी भी कमाई नहीं कर पाई थीो। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में काम नहीं किया।
राम चरण के लिए करियर का टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई RRR
राम चरण नेम और फेम तो पहले ही हासिल कर चुके थे लेकिन, असल मायने में लोकप्रियता उन्होंने 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘आर आर आर’ से हासिल की थी। इसमें उनके साथ जूनियर एनटीआर भी थे। इस मूवी ने ना केवल राम को बल्कि जूनियर एनटीआर को भी ग्लोबल स्टार बना दिया। 550 करोड़ के बजट में एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था। इस फिल्म को बनाने में 4 साल का समय लगा था। इसने 10 दिन में ही 900 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। इस फिल्म से उन्हें ना केवल दुनियाभर में लोकप्रियता दिलाई बल्कि इसके बाद उन्होंने अपनी फीस में भी इजाफा कर लिया। चर्चा रही है कि एक्टर ने अपनी अपकमिंग फिल्मों के लिए RRR के बाद फीस में इजाफा कर लिया था, लेकिन बाद में ये भी खबरें सामने आई कि फिल्में पोस्टपोन होने की वजह से उन्होंने फीस घटा ली थी क्योंकि ‘आरआरआर’ के बाद उनकी एक फिल्म फ्लॉप रही थी।
‘आर आर आर’ के बाद राम चरण फिल्म ‘आचार्य’ में नजर आए थे, जो कि बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी। इसके बाद वो ‘गेम चेंजर’ में दिखे थे, जिससे उन्होंने सारी लाइमलाइट चुरा ली। इसमें उनके अपोजिट कियारा आडवाणी ने लीड रोल प्ले किया था। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एवरेज ही रही। मूवी केवल 186.25 करोड़ का ही बिजनेस कर पाई थी।
‘आर सी 16’ में नजर आएंगे राम चरण
बहरहाल, अगर राम चरण की अपकमिंग फिल्मों की बात की जाए तो वो ‘आर सी 16’ को लेकर चर्चा में हैं। उनके बर्थडे के मौके पर फिल्म से उनका फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें उन्हें बड़ी दाढ़ी, लंबे बाल और गंदे कपड़ों में मजदूर लुक में देखा जा सकता है। इसमें वो हीरो कम विलेन ज्यादा लग रहे हैं। फिल्म में पेड्डी के रोल में दिखाई देंगे। फैंस अब उनकी इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
RRR के बाद नहीं दी राम चरण ने हिट, कर पाएंगे 2025 का गेम चेंज?
