100 Years Of Raj Kapoor: राज कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम रहे हैं। उन्होंने सिनेमा जगत में अपना अहम योगदान दिया और अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम भी किया। आज वो भले ही दुनिया में नहीं हैं, लेकिन एक्टर के चाहने वाले उनके काम के जरिए उन्हें आज भी याद करते हैं। 14 दिसंबर, 2024 को उनकी 100वीं बर्थ एनिवर्सरी है, जिसे कपूर परिवार बड़े ही धूमधाम से सेलिब्रेट करने वाला है।
बता दें कि दिवंगत एक्टर, डायरेक्टर और निर्माता राज कपूर ने साल 1947 में आई फिल्म ‘नील कमल’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई अन्य फिल्मों में भी काम किया, जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया था। सिर्फ राज कपूर ही नहीं, बल्कि उनकी कई पीढ़ियां आज इंडस्ट्री में राज कर रही हैं, जो नेपो किड्स होने के बावजूद भी अपने टैलेंट से दर्शकों के बीच एक्टिंग का लोहा मनवा रहे हैं। हर एक दशक में उनके परिवार में से किसी न किसी स्टार्स ने इंडस्ट्री पर राज किया।
शम्मी कपूर (Shammi Kapoor)
भाई राज कपूर की तरह ही पृथ्वीराज कपूर के बेटे शम्मी कपूर ने इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने अभिनय के जरिए लोगों के दिलों पर राज किया। उन्होंने ‘जीवन ज्योति’ से अपना करियर शुरू किया। 1960 में इंडस्ट्री में उनके नाम का सिक्का चलता था। फैंस एक्टर की एक-एक मूवी का बेसब्री के साथ इंतजार फिर चाहें वो ‘रात का राही’ हो या ‘सिंगापुर’, ‘जंगली’, ‘बॉय फ्रेंड’ जैसी कोई अन्य मूवी। उनकी फिल्मों की कहानी के साथ-साथ मूवीज के गानों को भी काफी पसंद किया जाता था।
शशि कपूर (Shashi Kapoor)
दोनों बड़े भाइयों राज कपूर और शम्मी कपूर की तरह ही छोटे भाई शशि कपूर ने भी इंडस्ट्री में आने का मन बनाया और उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट कई फिल्मों में काम किया। इसके बाद उनकी फिल्म ‘धर्मपुत्र’ आई, जो 1961 में रिलीज हुई थी। इसके बाद एक्टर ने फिर कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उनकी ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘चोर मचाए शोर’, ‘दीवार’ जैसी कई फिल्मों के लिए याद किया जाता है। शशि कपूर ने 1970 के दशक में लोगों के दिलों पर खूब राज किया था।
ऋषि कपूर (Rishi Kapoor)
80 के दशक में राज कपूर के छोटे बेटे ऋषि कपूर ने इंडस्ट्री पर कब्जा किया। हालांकि, उनके बड़े बेटे रणधीर कपूर भी इंडस्ट्री में थे, लेकिन ऋषि को लोगों ने काफी पसंद किया। ऋषि कपूर ने साल 1970 में आई फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस काम किया। इसके बाद उनकी फिल्म ‘बॉबी’ आई, जिसे लोगों ने बहुत प्यार दिया था। बॉबी के बाद उनकी ‘खेल खेल में’, ‘रफू चक्कर’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘चांदनी’ जैसी कई मूवीज हिट हुईं।
करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor)
इनके बाद इंडस्ट्री में राज कपूर के ग्रैंड चिल्ड्रन की एंट्री हुई और सबसे पहले रणधीर कपूर की बड़ी बेटी करिश्मा कपूर ने इंडस्ट्री में अपनी धाक जमाई। करिश्मा ने 1991 में आई फिल्म ‘प्रेम कैदी’ के साथ बी-टाउन में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘सपने साजन के’, ‘जिगर’, ‘अनारी’, ‘राजा बाबू’, ‘खुद्दार’ समेत कई फिल्मों में काम किया। करिश्मा कपूर 90 के दशक की बेहतरीन एक्ट्रेस में से एक रही हैं।
करीना कपूर (Kareena Kapoor)
करिश्मा कपूर के बाद उनकी छोटी बहन करीना कपूर ने भी फिल्मों में हाथ आजमाया। एक्ट्रेस ने साल 2000 में रिफ्यूजी के साथ इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘यादें’, ‘अजनबी’, ‘कभी खुशी कभी गम’ समेत कई फिल्मों में काम किया। करीना कपूर अपने समय की बेस्ट एक्ट्रेस में से एक रही हैं।
रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor)
करिश्मा कपूर और करीना कपूर के बाद ऋषि कपूर के बेटे रणबीर मूवीज में आए। उन्होंने ‘सावरियां’ के साथ फिल्मों में कदम रखा। फिर उन्होंने ‘बचना ऐ हसीनों’, ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ समेत कई मूवीज में काम किया। ये सभी स्टार किड्स हैं, लेकिन इन्होंने अपने अभिनय के दम बॉलीवुड में राज किया है।