अक्सर अपने ट्वीट के चलते विवादों में रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता कमाल आर खान को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो साल पुराने एक विवादित ट्वीट के मामले में ही अब अभिनेता की गिरफ्तारी हुई है। जानकारी के अनुसार, कमाल आर खान (KRK) मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। KRK को राहुल कनाल की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

कौन हैं राहुल कनाल? 

राहुल कनाल शिवसेना के युवा सेना के सदस्य है। इसके साथ ही वह श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के ट्रस्टी भी हैं। राहुल बीएमसी के शिक्षा समिति के सदस्य भी रह चुके हैंI इतना ही नहीं, राहुल कनाल आई लव मुंबई फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं। राहुल कनाल का ठाकरे परिवार के साथ अच्छा संबंध है और आदित्य ठाकरे का करीबी माना जाता है। राहुक कनाल के घर इनकम टैक्स की छापेमारी हो चुकी हैं।

राहुल कनाल, हाल ही में शिर्डी साई संस्थान के विश्वस्त मंडल के सदस्य बनाए गए हैं। इससे पहले राज्यपाल नियुक्त विधायकों की लिस्ट में राहुल के नाम की चर्चा थी। वह कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज के करीबी माने जाते है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के साथ उनके पारिवारिक संबंध है। अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से लेकर क्रिकेटर विराट कोहली तक सभी उनके दोस्त है।

बता दें कि कमाल आर खान को जिस ट्वीट के चलते गिरफ़्तारी हुए हैं, वह दो साल पुराना है। साल 2020 में KRK ने इरफान खान और ऋषि कपूर के निधन के बारे में विवादित ट्वीट किया था। जिसकी वजह से वो अब कानूनी पचड़े में पड़ते नजर आ रहे हैं। आरोप तो यह भी है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्म को ठेस पहुंचाने वाले विवादित ट्वीट किए हैं। इसी पर राहुल कनाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, चूंकि कमाल देश बाहर रहते हैं, इसलिए जैसे ही वह मुंबई पहुंचेतो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

कमाल की गिरफ्तारी पर राहुल कनाल ने कहा है कि “कमाल आर खान को मेरी शिकायत पर आज हिरासत में लिया गया है, मुंबई पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हैं। वो सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इस तरह का व्यवहार समाज में अस्वीकार्य है। केआरके को गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है।”