कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को संसद के बाद केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। राहुल ने दावा किया कि केंद्र सरकार के इशारे पर उनका फोन टैप किया गया था। राहुल ने कहा था कि ये उनपर ही नहीं बल्कि जनता की आवाज पर आक्रमण है। राहुल ने इसके साथ गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने के लिए भी कहा था। राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप शेयर किया था। वीडियो में राहुल गांधी कहते हैं, ‘अगर आप भ्रष्ट हैं और अगर आप चोर हैं तो मोदी से आप डरोगे। अगर आप भ्रष्ट नहीं हैं और चोर नहीं हैं तो आप नहीं डरोगे।’ वीडियो को शेयर करते हुए संबित पात्रा ने ट्विटर पर लिखा, ‘अब समझ में आया ‘कांग्रेस’ में क्यों ‘डर का माहौल’ है।’
‘दमन एंड दिउ कांग्रेस सेवा दल’ ने संबित पात्रा के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा था, ‘अगर राहुल गांधी पप्पू हैं तो एक पप्पू की जासूसी करने के लिए करोड़ों खर्च क्यों किए? कहीं ये डर तो नहीं?’ संबित पात्रा ने रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘पप्पू है ..तभी तो करोड़ों रूपये खर्च नहीं किया। कांग्रेस के क्या दिन आ गए है? खुद राहुल को पप्पू कह रहें है।’
पप्पू है ..तभी तो करोड़ों रूपये खर्च नहीं किया …
कांग्रेस के क्या दिन आ गए है ..खुद राहुल को पप्पू कह रहें है। https://t.co/GB1z4RWgLk
— Sambit Patra (@sambitswaraj) July 24, 2021
संबित पात्रा के ट्वीट पर यूजर्स की भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आई है। सौरभ शर्मा नाम के यूजर लिखते हैं, ‘अब तो पूरी दुनिया जान गई है कि कौन पप्पू है? आखिर क्यों अपने मालिक को सरेआम बेइज्जत कराते हो?’ यूजर डॉक्टर राजेश सहाय लिखते हैं, ‘भारत में पप्पू नाम कोई बेइज्जती का प्रतीक नहीं है। भारत में हर मां अपने बच्चे को पप्पू के नाम से बुलाती है। ऐसे में इस शब्द का गलत अर्थ निकालने का क्या उद्देश्य हो सकता है?’
ट्विटर यूजर जुयाल लिखते हैं, ‘राहुल गांधी का फोन अगर टैप किया गया है तो उसमें कुछ भी गलत नहीं है। देश पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए जो भी करना पड़े हर सरकार को करना चाहिए। इसमें राहुल को भी नहीं डरना चाहिए अगर उनका और परिवार का फोन टैप किया जाता है तो।’ यूजर निकुंज ने लिखा, ‘आप किसी की गोपनीय जानकारी प्राप्त करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रहे हो। ये कितना सही है?’