साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन स्टारर फिल्म ‘पुष्पा 2’ को रिलीज होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं और वह जमकर अपनी फिल्म का प्रमोशन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले इसकी कास्ट अलग-अलग वजह से चर्चा में आ रही है। एक तरफ रश्मिका मंदाना की सगाई की खबरें आ रही हैं, तो वहीं हाल ही में अल्लू के मैनेजर पर कथित तौर पर फोन छीनने का आरोप लगा। अब एक्टर से जुड़ी एक खबर सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता अल्लू अर्जुन मुसीबत में फंस गए हैं और हैदराबाद पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। चलिए जानते हैं कि आखिर ये पूरा मामला क्या है।

‘वो गाते थे तो लगता था पक्का हिन्दू…’, मोहम्मद रफी के धर्म पर ये क्या बोल गए सिंगर सोनू निगम, कहा- इनका धर्म परिवर्तन…

क्यों दर्ज हुई अल्लू अर्जुन के खिलाफ एफआईआर

दरअसल, ‘पुष्पा 2’ की रिलीज से पहले मुंबई में इसे लेकर एक इवेंट का आयोजन किया गया, जिसमें अभिनेता भी अपनी मूवी को प्रमोट करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने फैंस से बात करते हुए कहा कि मेरे पास फैंस नहीं, बल्कि फैंस की आर्मी है। मैं अपने सभी फैंस से बहुत प्यार करता हूं और मेरे फैंस हमेशा आर्मी की तरह मेरे लिए खड़े रहते हैं। अगर पुष्पा 2 हिट हुई, तो उसकी सक्सेस का क्रेडिट भी इन्हीं को जाने वाला है।

ऐसे में श्रीनिवास गौड़ नाम के शख्स को अल्लू अर्जुन का ‘आर्मी’ शब्द इस्तेमाल करना रास नहीं आया। उन्होंने हैदराबाद पुलिस में जाकर एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। उस शख्स का कहना है कि फैंस के लिए आर्मी शब्द का इस्तेमाल करना गलत है। सेना एक सम्मानजनक पद होता है और सेना के लोग देश की रक्षा करते हैं। ऐसे में आप फैंस को आर्मी नहीं कह सकते हैं।

कब रिलीज होने वाली है मूवी

बता दें कि सुकुमार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ आने वाले 5 दिसंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा 4 दिसंबर, 2024 को यह अमेरिका में रिलीज होगी, जो हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में देखने को मिलने वाली है। इसमें एक बार फिर अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की जोड़ी फैंस को दिखाई देने वाली हैं।

कुछ दिनों पहले ही बिहार में इसका ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। अब फैंस मूवी का बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं। फिल्म एडवांस बुकिंग में भी अच्छी कमाई कर रही है। इसकी एडवांस बुकिंग जानने के लिए यहां क्लिक करें।