प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की एंगेजमेन्ट पार्टी कल यानि शनिवार को होने जा रही है। अमेरिका के सिंगर निक जोनास परिवार समेत भारत पहुंच चुके हैं। निक को लेने के लिए प्रियंका भी एयरपोर्ट पहुंची थीं। हालांकि वे मीडिया को चकमा देने में कामयाब रही और दूसरी कार से वापस चली गईं। गौरतलब है कि इससे पहले जून में जब निक जोनास भारत आए थे तो फोटोग्राफर्स से बचने के लिए प्रियंका और निक ने अपने चेहरों को छिपा लिया था।
निक की मां डेनिस और पिता केविन जोनास सीनियर के हाथों में एक पैकेट भी देखा जा सकता था, जिसे प्रियंका के लिए गिफ्ट माना जा रहा है। गौरतलब है कि निक के परिवार और प्रियंका के परिवार के बीच ये पहली आधिकारिक मुलाकात होगी।इस स्टार कपल ने जुलाई में सगाई की थी। दो महीने डेट करने के बाद प्रियंका और निक ने सगाई कर ली थी। दोनों ही एक दूसरे को लेकर काफी सीरियस हैं और हाल ही में प्रियंका ने मनीष मल्होत्रा की पार्टी में अपनी पांच कैरेट की इंगेजमेन्ट रिंग को भी दिखाया था। इससे पहले प्रियंका ने दो बार एयरपोर्ट पर अपनी रिंग को छिपाने की कोशिश की थी।
प्रियंका की इस एंगेजमेन्ट सेलेब्रेशन में बॉ़लीवुड के कई बड़े सितारे शामिल होंगे। इस पार्टी में निक के भाई केविन और जो जोनास भी शिरकत कर सकते हैं। माना जा रहा है कि ये ग्लोबल कपल जल्दी ही शादी के बंधन में भी बंध सकता है। सोनम कपूर, अनुष्का और दीपिका के अलावा इस साल प्रियंका चोपड़ा भी शादी रचा सकती हैं।
गौरतलब है कि कई डिनर डेट्स के बाद निक जोनास, प्रियंका के साथ भारत आए थे। निक ने प्रियंका की मां मधु चोपड़ा से भी मुलाकात की थी। मधु ने इस मुलाकात के बारे में कहा था कि उन्हें निक के साथ ज़्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिला। पिछले साल मेट गाला के अवसर पर प्रियंका और निक एक साथ पहुंचे थे। प्रियंका और निक दोनों ने ही उस दिन राल्फ लॉरेन के डिज़ाइनर कपड़े पहने थे, यही कारण था कि दोनों ने साथ में मेट गाला 2017 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद ही प्रियंका और निक के रिश्ते को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई थी।